![]() |
| रीवा में सनसनीखेज वारदात: नशेड़ी पति ने 9 साल की मासूम बेटी के सामने की पत्नी की बेरहमी से हत्या Aajtak24 News |
रीवा - जिले के सगरा थाना क्षेत्र में एक ऐसा हृदयविदारक मामला सामने आया है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक नशे के आदी पति ने अपनी 9 वर्षीय मासूम बेटी के सामने ही अपनी पत्नी पर धारदार हथियार (चाकू) से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान संजय गांधी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विवाद की जड़: अवैध संबंध और नशा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान शिखा मिश्रा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शिखा के पति दीपक मिश्रा के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध थे, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। इसी तकरार के कारण शिखा पिछले कुछ समय से अपने मायके (गड़रिया, रीवा) में रह रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी दीपक करीब 10 दिन पहले ही उसे मनाकर वापस ससुराल ले गया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह उसे मौत के साये में ले जा रहा है।
9 साल की बेटी बनी चश्मदीद
घटना रात करीब 9 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात के वक्त नशे में धुत्त था और अपने साथ बैग में चाकू लेकर आया था, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि उसने हत्या की साजिश पहले ही रच ली थी। विवाद बढ़ा तो दीपक ने अपनी पत्नी शिखा के गले और पेट पर चाकुओं से कई वार किए। इस दौरान उनकी 9 वर्षीय बेटी दिशा मिश्रा वहीं मौजूद थी। अपनी मां को लहूलुहान देख सहमी बच्ची ने तत्काल अपने ननिहाल वालों को फोन कर घटना की सूचना दी।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शिखा को आनन-फानन में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शरीर पर गहरे घाव और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद शिखा को नहीं बचाया जा सका।
पुलिस की कार्रवाई
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति दीपक मिश्रा मौके से फरार हो गया है। सगरा थाना पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है। मासूम बच्ची, जिसने अपनी आंखों के सामने पिता को मां का कातिल बनते देखा, गहरे सदमे में है।

