![]() |
| समाजसेवी संतोष तिवारी की पत्नी के निधन पर शोक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने परिजनों से मिलकर जताई संवेदना Aajtak24 News |
मऊगंज - मऊगंज जिले के प्रसिद्ध कट्टर हिन्दू नेता एवं समाजसेवी संतोष तिवारी की धर्मपत्नी स्वर्गीय कल्पना तिवारी के निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने उनके निवास पर पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गिरीश गौतम शोक संवेदना व्यक्त करने संतोष तिवारी के पैतृक गांव सोहाई पहुंचे। उन्होंने दिवंगत कल्पना तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा संतोष तिवारी सहित परिवार के अन्य सदस्यों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक गिरीश गौतम ने कहा कि कल्पना तिवारी का निधन न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अत्यंत सरल, मिलनसार और धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं, जिन्होंने हमेशा सामाजिक कार्यों में सहयोग दिया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उल्लेखनीय है कि संतोष तिवारी की धर्मपत्नी कल्पना तिवारी का 8 मार्च 2026 को भोपाल स्थित जे.के. हॉस्पिटल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका इलाज भोपाल में चल रहा था। उपचार के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया।
उनके निधन से मऊगंज जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का वातावरण है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं तथा जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। स्थानीय लोगों ने उन्हें एक संस्कारी, सहयोगी एवं धार्मिक महिला के रूप में याद करते हुए कहा कि उनका जाना समाज के लिए बड़ी क्षति है।
