मऊगंज में दिनदहाड़े लूट: टेंपो में बैठी महिला के गले से झपटा 5 ग्राम का मंगलसूत्र, बदमाश फरार Aajtak24 News

मऊगंज में दिनदहाड़े लूट: टेंपो में बैठी महिला के गले से झपटा 5 ग्राम का मंगलसूत्र, बदमाश फरार Aajtak24 News


मऊगंज - जिले में लूट और झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल व्याप्त है। ताजा मामला मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े एक महिला के गले से 5 ग्राम सोने का मंगलसूत्र झपटकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। पुलिस की सीमा विवाद में उलझी कार्यशैली के कारण पीड़िता को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने-थाने भटकना पड़ा, जिससे पुलिस प्रशासन की सक्रियता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।


घटना का विवरण


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता शीला देवी साकेत (पति प्रदीप कुमार साकेत), निवासी लोरी नंबर-2, थाना गढ़, जिला रीवा, अपनी ससुराल से ढेरा पथराहा स्थित मायके जा रही थीं। वे गढ़ से ऑटो (टेंपो) में सवार हुई थीं। दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही ऑटो लेड़ूआ और तेडताल के बीच सुनसान रास्ते से गुजर रहा था, वैसे ही उनके बगल में बैठा एक युवक अचानक उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर कूद गया। वहां पहले से तैयार अपने साथी के साथ वह काली पल्सर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्य आरोपी ने काली टी-शर्ट और लोवर पहन रखा था।


थाने-थाने भटकी पीड़िता, रिपोर्ट दर्ज कराने में हीलाहवाली


घटना के बाद पीड़िता तत्काल गढ़ थाने पहुंची और अपनी व्यथा सुनाई। लेकिन वहां पुलिस ने 'क्षेत्राधिकार' का बहाना बनाकर उन्हें नई गढ़ी थाना भेज दिया। इस गंभीर मामले में भी नईगढ़ी थाने में पीड़िता को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के बजाय लिखित आवेदन मांगने और अनावश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में उलझाए रखा गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस सुस्ती पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि एसपी के सख्त निर्देशों के बावजूद जमीनी स्तर पर लूटमार रोकने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।


होली के पहले बदमाशों का आतंक और नशे का कारोबार


क्षेत्र में चर्चा है कि होली पर्व के मद्देनज़र महिलाएं बड़ी संख्या में मायके या रिश्तेदारी में आती-जाती हैं। इसी का फायदा उठाकर बाइक सवार झपटमार सक्रिय हो जाते हैं। बदमाश बस, ऑटो और बाजार क्षेत्रों में रेकी कर घटनाओं को अंजाम देते हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने बढ़ते नशे के कारोबार को इन घटनाओं का मुख्य कारण बताया है। नशे की लत पूरी करने के लिए असामाजिक तत्व ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।


पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग


यह घटना एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधीक्षक से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही, महिलाओं को यात्रा के दौरान सोने-चांदी के आभूषणों के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



Post a Comment

Previous Post Next Post