
'आज तक 24' की खबर का बड़ा असर, नईगढ़ी पुलिस ने नशे के सौदागरों को भेजा जेल Aajtak24 News
मऊगंज - अवैध मादक पदार्थ कारोबारियों के खिलाफ मऊगंज पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 'दैनिक आज तक 24' द्वारा प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए नईगढ़ी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग छापेमारी में 115 लीटर अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
2.60 लाख का मशरूका जब्त
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन एवं एएसपी विक्रम सिंह परिहार व एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने यह कार्रवाई की। जब्त की गई शराब और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब 2.60 लाख रुपये आंकी गई है।
पहली कार्रवाई: बंधवा मोड़ पर घेराबंदी
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने बंधवा मोड़ के पास नाकाबंदी की। यहाँ बाइक सवार दो तस्करों, संजय पटेल (31) निवासी बंधवा कोठार और उमेश पटेल (25) निवासी बंधवा को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 53 लीटर 280 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद हुई।
दूसरी कार्रवाई: देवरी मोड़ पर दबिश
पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई नईगढ़ी-गढ़ मार्ग स्थित देवरी मोड़ पर की। यहाँ से पुलिस ने 62 लीटर 280 मिलीलीटर शराब बरामद की। मौके से मोटरसाइकिल चालक रवि कुमार पटेल (26) निवासी बर्रोहा को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी भागने में सफल रहा।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। न्यायालय में पेशी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। नईगढ़ी पुलिस की इस मुस्तैदी और 'आज तक 24' के जनहितकारी पत्रकारिता की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।