जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रीवा में कलेक्टर की औचक एंट्री से मचा हड़कंप, कई रिकॉर्ड जब्त Aajtak24 News

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रीवा में कलेक्टर की औचक एंट्री से मचा हड़कंप, कई रिकॉर्ड जब्त Aajtak24 News
रीवा - जिले के शिक्षा महकमे में उस समय हड़कंप मच गया जब कलेक्टर ने अचानक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रीवा में औचक निरीक्षण किया। लंबे समय से शिक्षकों द्वारा यह शिकायत की जा रही थी कि उनके वेतन, एरियर, जीपीएफ, पदोन्नति, स्थापना और अन्य सेवा संबंधी क्लेम्स के निराकरण में अनावश्यक देरी की जा रही है। कई बार कैंप आयोजित होने के बावजूद फाइलें लंबित बनी हुई थीं, जिससे शिक्षकों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।

कलेक्टर ने कार्यालय पहुंचते ही स्थापना शाखा, वेतन शाखा, पेंशन शाखा सहित सभी प्रमुख शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। सेवा पुस्तिकाओं का संधारण, संकुल प्राचार्यों और अन्य शिक्षकों की स्थापना संबंधी फाइलों की प्रगति, लंबित प्रकरणों की सूची तथा निराकरण की समय-सीमा का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई फाइलों में अनावश्यक विलंब, अधूरी टिप्पणियां और प्रक्रिया में ढिलाई सामने आई। प्राथमिक जांच के आधार पर संदिग्ध फाइलों और कुछ महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को जब्त कर लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ मामलों में महीनों से फाइलें लंबित पाई गईं, जबकि संबंधित दस्तावेज पूर्ण थे। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि शिक्षकों को अनावश्यक रूप से परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि सभी सेवा संबंधी दावे समयबद्ध तरीके से निपटाए जाएं, और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी शाखा प्रभारियों को लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। अंतिम जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।




Post a Comment

Previous Post Next Post