![]() |
| रीवा में सिरफिरे का आतंक: मासूम बच्चे और युवक पर जानलेवा हमला, हाथ में तलवार लेकर गांव में घूमता रहा आरोपी Aajtak24 News |
रीवा - मध्य प्रदेश के रीवा जिले के थाना गढ़ अंतर्गत ग्राम लहुरिया परासी में आज रविवार को एक सिरफिरे युवक ने खूनी तांडव मचाकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। आरोपी ने बिना किसी स्पष्ट कारण के एक 7 वर्षीय मासूम बच्चे और एक अन्य युवक पर डंडे व लाठी से जानलेवा हमला किया। वारदात के बाद आरोपी हाथ में नंगी तलवार लेकर गांव की गलियों में घूमता रहा, जिससे ग्रामीण जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।
दोपहर में शुरू हुआ खूनी खेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना दोपहर करीब 3:00 बजे की है। 7 वर्षीय मासूम सत्यम साहिल साकेत (पिता रोशन साकेत) अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान गांव का ही आरोपी संतोष वहां पहुँचा और अचानक डंडे से मासूम पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। आरोपी ने बच्चे को संभलने का मौका तक नहीं दिया। इस बर्बर हमले में बच्चे के सिर, हाथ और पसली में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
मदद करने वालों के जाते ही दूसरी वारदात
हृदयविदारक घटना के बाद जब घायल बच्चे के परिजन और पड़ोसी उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर रीवा की ओर रवाना हुए, तब आरोपी ने गांव में मौजूद जायसवाल खरहरी साकेत (27 वर्ष) को अपना निशाना बनाया। आरोपी ने लाठी से हमला कर जायसवाल का सिर फोड़ दिया। गांव वालों का कहना है कि आरोपी इस कदर आक्रोश में था कि जो भी उसके सामने आया, उसने उस पर हमला करने की कोशिश की।
तलवार लहराते देख सहम गया गांव
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संतोष हाथ में खुली तलवार लेकर गांव की सड़कों पर निकल आया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी खुलेआम आतंक मचा रहा था, जिसके चलते गांव में भगदड़ मच गई। लोग अपने बच्चों को लेकर घरों के अंदर छिप गए और दरवाजे बंद कर लिए। गांव में लंबे समय तक तनाव और दहशत का माहौल बना रहा।
पुलिस की कार्रवाई और इलाज
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। घायल मासूम सत्यम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पुलिस के 112 वाहन की मदद से पहले गंगेव स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रीवा मेडिकल कॉलेज (संजय गांधी अस्पताल) रेफर कर दिया है। पुलिस ने आरोपी संतोष के विरुद्ध जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि, आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, अभी तक विवाद का वास्तविक कारण सामने नहीं आया है, लेकिन आरोपी की मानसिक स्थिति और पुराने विवादों के पहलुओं पर जांच की जा रही है। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीण आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
