रीवा में कलयुगी पुत्र की हैवानियत: जमीन विवाद में वृद्ध मां के दोनों हाथ तोड़े Aajtak24 News


रीवा में कलयुगी पुत्र की हैवानियत: जमीन विवाद में वृद्ध मां के दोनों हाथ तोड़े Aajtak24 News

रीवा - मध्य प्रदेश के रीवा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हृदयविदारक घटना सामने आई है। थाना गढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अगडाल में एक कलयुगी पुत्र ने अपनी ही मां के साथ क्रूरता की सारी सीमाएं पार कर दीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दिनांक 2 फरवरी 2026 को उस समय हुई जब पीड़िता सरस्वती देवी तिवारी घर में अकेली थीं। आरोप है कि उनके पुत्र पुष्पेंद्र तिवारी ने घर के किवाड़ बंद कर चिमटे और डंडे से बेरहमीपूर्वक मारपीट की। हमले में वृद्ध मां के दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें चिकित्सकीय परीक्षण के बाद फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।

बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ नेशनल हाईवे 30 से लगी कीमती जमीन है। यह जमीन पिता ने अपने जीवित रहते पत्नी सरस्वती देवी तिवारी के नाम कर दी थी। आरोप है कि आरोपी पुत्र पुष्पेंद्र तिवारी उक्त जमीन को अपने नाम कराने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। मां के इंकार करने पर उसने गुस्से में आकर यह अमानवीय कृत्य कर डाला। घटना के बाद पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता के नाती (पुत्री का पुत्र) ने थाना गढ़ में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि संपत्ति के लालच में मां पर इस तरह का हमला न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि सामाजिक मूल्यों पर भी गहरा आघात है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना गढ़ पुलिस का कहना है कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर संपत्ति के विवाद में रिश्तों की संवेदनाएं क्यों दम तोड़ देती हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post