रीवा न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी: आतंकी संगठन के ईमेल से मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर को घेरा Aajtak24 News

रीवा न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी: आतंकी संगठन के ईमेल से मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर को घेरा Aajtak24 News

रीवा - मध्य प्रदेश के रीवा जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी और डरावनी खबर सामने आ रही है। देशभर के आधुनिक न्यायालयों में शुमार रीवा के नवनिर्मित न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और पुलिस का विशेष दस्ता मौके पर पहुँचा और पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया।

परिसर को कराया गया खाली, न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं में दहशत

जैसे ही बम की खबर फैली, न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए परिसर में मौजूद सभी माननीय न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों को सुरक्षित बाहर निकाला। चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली जा रही है और न्यायालय के हर कक्ष को खंगाला जा रहा है।

आतंकी संगठन का मेल और हाई अलर्ट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल दक्षिण भारत के किसी सक्रिय आतंकवादी संगठन द्वारा भेजे जाने की आशंका है। इस मेल के सामने आने के बाद न केवल रीवा-मऊगंज बल्कि पूरे मध्य प्रदेश को 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है। जिला प्रशासन ने मऊगंज और रीवा की सुरक्षा व्यवस्था को शिफ्ट के आधार पर और अधिक कड़ा कर दिया है।

100 करोड़ की लागत से बना है यह आधुनिक न्यायालय

गौरतलब है कि रीवा का यह आधुनिक न्यायालय अपनी भव्यता और सुविधाओं के लिए देशभर में चर्चित है। लगभग 100 करोड़ की लागत से तैयार इस भवन का लोकार्पण पिछले साल 4 मई 2025 को सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जे.के. महेश्वरी, जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस एस.सी. शर्मा और एमपी के चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैथ की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ था। इतने सुरक्षित और महत्वपूर्ण स्थान को निशाना बनाने की धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।




Post a Comment

Previous Post Next Post