पुराने विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, गुस्साए परिजनों ने नईगढ़ी देवतालाब मार्ग किया जाम

पुराने विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, गुस्साए परिजनों ने नईगढ़ी देवतालाब मार्ग किया जाम

मऊगंज - जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर पुराने विवाद को लेकर 25 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर नईगढ़ी देवतालाब मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। थाने के सामने भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारी तत्कालीन  नईगढ़ी तत्कालीन प्रभारी पीडी सोनवसी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों के मुताबिक खटखरी गांव निवासी आकाश जायसवाल पिता लालजी जायसवाल पर गांव के ही सनी जायसवाल ने चाकू से कई वार किए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। हल्ला-गुहार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल आकाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी ले गए। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए। इसके बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर देवतालाब मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को थाने लाए जाने के दौरान भी परिजनों ने पुलिस से उसे उनके हवाले करने की मांग की, लेकिन पुलिस किसी तरह आरोपी को थाने लेकर पहुंची।

मृतक के भाई मनीष जायसवाल ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आरोपी ने करीब एक महीने पहले भी आकाश के साथ मारपीट की थी। उस समय पुलिस ने कथित तौर पर पैसे लेकर आरोपी को छोड़ दिया था। उनका कहना है कि यदि उस समय कार्रवाई होती तो आज उनके भाई की जान नहीं जाती। उन्होंने कहा कि अब परिवार को पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा नहीं है। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और चक्काजाम खत्म कराने के लिए परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर रही है। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है।




Post a Comment

Previous Post Next Post