![]() |
| मऊगंज कलेक्ट्रेट के सामने दूसरे दिन भी धरना जारी, प्रशासन पर गंभीर सवाल? Aajtak24 News |
मऊगंज - कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने देश बचाओ आध्यात्मिक राष्ट्रीय जागरण अभियान के तहत धरना-प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन का केंद्र बिंदु कलेक्ट्रेट में पदस्थ महाविद्यालय के एक लिपिक पंकज श्रीवास्तव हैं, जिन पर कई भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा चुके हैं। आरोप है कि इन गंभीर आरोपों के बावजूद जिला प्रशासन कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने में पूरी मुस्तादी से खड़ा नजर आ रहा है। धरना स्थल पर उठ रहे सवालों ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आखिर पंकज श्रीवास्तव ने प्रशासन की कौन-सी “दुखती नब्ज” पकड़ रखी है, जिसके चलते उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उनके कारण जिले की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।
मऊगंज के ‘अन्ना’ कहे जाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता विश्वामित्र त्रिपाठी के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। जैसे-जैसे मामले को लेकर आक्रोश बढ़ रहा है, वैसे-वैसे धरना स्थल पर लोगों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले पर गंभीरता से विचार कर निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। वहीं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम के उस बयान का भी हवाला दिया जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोहन सरकार में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि जब विधायक का गृह जिला ही मऊगंज है, तो फिर यहीं सरकार की मंशा पर कुठाराघात क्यों होता दिख रहा है। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह जनआक्रोश को गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाता है।
