![]() |
खरीदी केंद्र प्रभारी से हटाये जाने के संबंध में किसानों ने कलेक्टर को सौपा ज्ञापन |
मऊगंज - जिले के सेवा सहकारी समिति बन्नई में पदस्थ सहायक समिति प्रबंधक को धान उपार्जन केंद्र प्रभारी बनाए जाने पर क्षेत्र के किसानों में आक्रोश का माहौल निर्मित हो गया है। सहायक समिति प्रबंधक राजकुमार कुशवाहा को खरीदी केंद्र प्रभारी बनाए जाने पर आक्रोशित किसान कलेक्ट्रेट मऊगंज पहुंचे और प्रभारी बनाए गए सहायक समिति प्रबंधक को हटाए जाने हेतु आवेदन देकर कहा कि नईगढ़ी विकासखंड के सेवा सहकारी समिति मर्यादित बन्नई में पदस्थ सहायक प्रबंधक राजकुमार कुशवाहा को डिहिया खरीदी केन्द्र प्रभारी बनवाया गया है, जबकि बन्नई खरीदी केन्द्र निगत 5-6 वर्षों से संचालित है। समिति प्रबंधक की कारगुजारी से परेशान किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि खरीदी केन्द्र बन्नई में सहायक प्रबंधक राजकुमार कुशवाहा द्वारा भारी मात्रा में अनियमितता की गई है। आरोप लगाया गया कि राजकुमार कुशवाहा द्वारा धान खरीदी में किसानों से तौल के लिए पैसा लिया जाता है एवं किसानों को परेशान किया जाता है। युक्त सहायक समिति प्रबंधक द्वारा अपने दायित्व का निर्वहन नहीं किया जाता एवं समय पर किसानों को खाद वितरण नहीं की जाती। कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने कहा पूर्व में युक्त समिति प्रबंधक द्वारा धान खरीदी केन्द्र में भारी अनियमितता बर्ती गई थी जिसकी जांच कराये जाने के बाद धान खरीदी केन्द्र में धान लगभग 1100 बोरी की कमी आयी थी। किसानों ने कहा जिले में बैठे विभागीय अधिकारियों द्वारा डिहिया केन्द्र जो बनाया गया है उसके संचालन का दायित्व राजकुमार कुशवाहा सहायक प्रबंधक को सौपा गया है। युक्त सहायक समिति प्रबंधक द्वारा बीते वर्ष खरीदी में भारी अनियमता बर्ती गई थी इतना ही नहीं संबंधी सहायक समिति प्रबंधक के खिलाफ खाद्यान्न हेराफेरी के मामले में एफआईआर दर्ज किया गया था और गिरफ्तारी भी हुई थी मामला अभी भी न्यायालय में विचाराधीन है। फिर भी जिम्मेदारों द्वारा खरीदी केंद्र प्रभारी बना दिया गया।
किसानों ने आवेदन देकर मांग करते हुए कहा कि सहायक समिति प्रबंधक राजकुमार कुशवाहा को धान खरीदी प्रभारी के दायित्व से हटाया जाए जिससे क्षेत्र के किसान शासन की योजना अनुसार अपनी उपज को खरीदी केंद्र में बिक्री कर सके। वहीं जिला किसान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नृपेन्द्र सिंह पिंटू ने कलेक्टर मऊगंज से मांग की है कि किसान हित को ध्यान में रखते हुए खाद्यान्न वितरण में अनियमितता बरतने के आरोपी एवं धान खरीदी में धान की हेराफेरी करने वाले ऐसे सहायक समिति प्रबंधक राजकुमार कुशवाहा को खरीदी केंद्र प्रभारी न बनाया जाए ताकि क्षेत्र के किसान अपनी फसल को सुचारू रूप से बिक्री कर सकें।
