पूर्वी क्षेत्र की करीब 20 टंकियां खाली, लोग हुए परेशान |
इंदौर - नलों के माध्यम से किया जाने वाला जलप्रदाय आज नहीं हो सका। इस कारण आज आधे शहर में रहवासियों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि शहर की करीब 20 से अधिक टंकियां आज खाली रही। इस कारण नलों से जल प्रदाय नहीं किया जा सका। यह भी सामने आया है कि जलूद पंपिंग स्टेशन पर लाइन ट्रिप होने के कारण पंप बंद हो गए।
जानकारी अनुसार आज शहर में पूर्वी क्षेत्र में नर्मदा प्रोजेक्ट के माध्यम से जल प्रदाय किए जाने का दिन है, लेकिन कल जलूद पंपिंग स्टेशन पर पंप बंद होने के कारण 20 से अधिक टंकियां खाली रह गईं। इस कारण आज शहर के पूर्वी क्षेत्र में रहवासियों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। लोग नलों का इंतजार करते रहे, लेकिन पानी नहीं आने के कारण निराशा का सामना करना पड़ा। हालांकि नल नहीं चलने के कारण लोगों को वैकल्पिक स्रोतों से पानी की व्यवस्था कर अपनी दिनचर्या शुरू करना पड़ी। गौरतलब है कि शहर में एक दिन पश्चिम क्षेत्र और उसके दूसरे दिन पूर्वी क्षेत्र में नालों के माध्यम से जलप्रदाय किया जाता है। यदि ऐसे में एक दिन नल नहीं चलते तो सीधे तीसरे दिन पर ही नल चलने की बात जाती है। ऐसे में लोगों को न केवल वैकल्पिक जल स्रोतों की व्यवस्था रखनी पड़ती है बल्कि दो दिनों के लिए पानी का स्टॉक भी करके रखना पड़ता है। लोगों का कहना है कि 30 दिन अर्थात पूरे महीने का पानी का बिल देने के बाद भी सिर्फ 15 ही दिन नलों से जल प्रदाय किया जाता है।
हर वर्ष दीपावली के पहले होता है जलसंकट
वर्ष का सबसे बड़ा त्योहार दीपावली अब करीब है। हर घर में साफ सफाई और पुताई का कार्य भी शुरू हो चुका है। ऐसे में अतिरिक्त पानी की व्यवस्था भी लोगों को करना पड़ती है इसके बाद भी नलों से ही जब जलप्रदाय नहीं हो रहा है तो दीपावली पर सफाई करने वाले लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने बताया कि नगर निगम अधिकारियों का यह शगल है कि हर वर्ष दशहरे के बाद और दीपावली के पहले जल संकट की स्थिति पैदा की जाती है। लोगों ने बताया कि इस दौरान एक-दो दिन नहीं बल्कि चार-चार दिन तक नलों से पानी नहीं सप्लाई किया जाता।