जमीनी विवाद में दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष, पति-पत्नी समेत तीन घायल; पत्नी की हालत गंभीर Aajtak24 News

जमीनी विवाद में दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष, पति-पत्नी समेत तीन घायल; पत्नी की हालत गंभीर Aajtak24 News

रीवा - जिले के सगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लौआ लक्ष्मणपुर में आज सुबह जमीनी विवाद के चलते दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस हिंसक घटना में पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

सुबह 10 बजे लाठी-डंडों से हमला

जानकारी के अनुसार, लौआ लक्ष्मणपुर में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जमीनी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। पीड़ित हनुमंत लाल पटेल ने बताया कि उनके परिवार के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब दस लोगों ने मिलकर एक महिला, गौरी पटेल, को मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। युवक के मुताबिक, मारपीट के वक्त आनंद, मुकेश, भारती, रविता और राजदुलारी पटेल मौजूद थे।

पुराना विवाद बना वजह

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पहले भी इस मामले में कई बार कहासुनी हो चुकी थी और ग्रामीणों व पुलिस ने हस्तक्षेप कर इसे शांत कराया था। हालांकि, शुक्रवार सुबह यह विवाद फिर से भड़क उठा और हिंसक संघर्ष में बदल गया। सगरा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर मोर्चा संभाला और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post