![]() |
| रीवा में खाद के लिए मारामारी, किसानों पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां Aajtak24 News |
रीवा - रीवा जिले के जवा तहसील में यूरिया खाद के वितरण के दौरान हुए कुप्रबंधन ने किसानों के गुस्से को भड़का दिया। महूहा टोला स्थित विपणन संघ के गोदाम पर घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद जब खाद नहीं मिली, तो किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान हालात संभालने के बजाय पुलिस ने किसानों पर बेरहमी से लाठियां बरसाईं। इस घटना में 55 वर्षीय एक आदिवासी किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अधिकारी मूकदर्शक बने रहे। किसानों का कहना है कि खाद जैसी बुनियादी जरूरत के लिए उन्हें पुलिस की लाठियों का सामना करना पड़ रहा है, जो कि पूरी तरह अमानवीय है। घायल किसान और अन्य किसानों ने इस बर्ताव पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों से मांग की है कि मारपीट करने वाले प्रधान आरक्षक अनुराग तिवारी और आरक्षक शिवेंद्र मिश्रा के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। यह घटना प्रशासन के कुप्रबंधन और किसानों के प्रति असंवेदनशील रवैये को उजागर करती है।
