नवागत निगमायुक्त दिलीप कुमार यादव ने सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण Aajtak24 News

नवागत निगमायुक्त दिलीप कुमार यादव ने सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण Aajtak24 News

इंदौर। नवागत निगमायुक्त दिलीप कुमार यादव ने पहले दिन ही सुबह 6:30 बजे से शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर जाकर सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, जीटीएस सेंटर और आईसीसीसी की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सबसे पहले निगमायुक्त यादव ने गीता भवन मंदिर के पास स्थित मिश्र नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गाड़ी पर उपलब्ध कर्मचारियों की संख्या, गाड़ी में लगे कचरा संग्रहण बिनों की जानकारी, गीले और सूखे कचरे को अलग करने की व्यवस्था, बिन भर जाने पर कचरे के प्रबंधन की पद्धति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कर्मचारियों से यह भी पूछा कि वे गाड़ी में ही बैठे रहते हैं अथवा उतरकर घर-घर से कचरा एकत्रित करते हैं। साथ ही यह भी जाना कि वाहन खराब होने की स्थिति में क्या व्यवस्था अपनाई जाती है तथा बहुमंजिला इमारतों (मल्टी) से कचरा किस प्रकार लिया जाता है।

गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का भी किया निरीक्षण

इसके बाद निगमायुक्त यादव ने गीता भवन चौराहा, पलासिया, इंडस्ट्री हाउस, एलआईजी चौराहा, विजयनगर चौराहा एवं रेडिसन होटल चौराहा तक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने स्टार चौराहा स्थित जीटीएस (गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन) का दौरा किया। यहां उन्होंने कचरे की क्षमता, तौल (वेटिंग) की प्रक्रिया, कार्यरत कर्मचारियों की संख्या, गेट पर सुरक्षा व्यवस्था, सुबह-शाम आने-जाने वाली गाड़ियों की संख्या, गाड़ियों की एंट्री प्रक्रिया आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से गीले कचरे की जांच कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उसमें सूखा कचरा मिश्रित न हो। निगमायुक्त यादव ने आगे सिटी बस ऑफिस स्थित आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) का भी अवलोकन किया। उन्होंने गाड़ियों के नियंत्रण की व्यवस्था, समय पर वाहन नहीं पहुंचने पर अलर्ट सिस्टम, अलर्ट आने के बाद ऑपरेटरों द्वारा की जाने वाली कार्यवाही, साथ ही 311 ऐप पर आने वाली शिकायतों की संख्या, उनका निराकरण, लंबित शिकायतें एवं उनकी अवधि के संबंध में विस्तृत जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री रोहित सिसोनिया, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी संदीप पटौदी, क्षेत्रीय सीएसआई श्रद्धा तोमर, दरोगा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post