![]() |
| महिलाओं के गहनों पर डाका डालने वाला चैन स्केचिंग गिरोह सक्रिय Aajtak24 News |
रीवा/सतना - प्रदेश में चैन स्केचिंग गिरोह एक बार फिर सिर उठाता दिखाई दे रहा है। महिलाओं को मॉर्निंग वॉक या सुनसान रास्तों पर निशाना बनाने वाला यह गिरोह अब तक ललितपुर, पन्ना और नागोद में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। ताज़ा घटनाएँ सतना जिले के नागोद कस्बे में हुईं, जहाँ रविवार सुबह एक ही दिन में तीन महिलाओं से सोने के जेवर छीन लिए गए। इन वारदातों के बाद पुलिस को आशंका है कि गिरोह अब रीवा की ओर बढ़ चुका है।
आरोपी की पहचान
सूत्रों के अनुसार गिरोह का मुख्य सदस्य शहजाद मोहम्मद पिता खुशी मोहम्मद, उम्र 26 वर्ष, निवासी ठंडा नाला, किच्छा गुलरभोज, जिला ऊधमपुर नगर (उत्तराखंड) है। बताया जाता है कि यह आरोपी अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर वारदातों को अंजाम देता है। घटनास्थल से प्राप्त जानकारी और चश्मदीदों के बयान के आधार पर पीछे बैठे युवक की पहचान शहजाद के रूप में हुई है, जबकि बाइक चालक का नाम-पता अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
वारदात का तरीका
गिरोह का तरीका बेहद शातिराना बताया जा रहा है। यह सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं या सुनसान गलियों में चल रही महिलाओं को टारगेट करता है। अचानक पास आकर चेन या गहने झपट लेता है और पलभर में फरार हो जाता है। ललितपुर, पन्ना और अब नागोद की घटनाओं में भी इसी तरह की कार्यप्रणाली देखने को मिली।
झांसी से लेकर सतना तक की कड़ी
पुलिस की प्राथमिक जाँच में सामने आया है कि यह गिरोह झांसी से निकलकर पन्ना होते हुए नागोद पहुँचा। नागोद में ताबड़तोड़ तीन वारदातों को अंजाम देने के बाद इनके रीवा की ओर भागने की आशंका जताई जा रही है।
पहले भी हो चुकीं वारदातें
याद दिला दें कि इससे पहले भी रीवा जिले के चोरहटा और समान थाना क्षेत्रों में चैन स्केचिंग की घटनाएँ दर्ज हो चुकी हैं। अब इन नई घटनाओं के बाद यह संभावना और मजबूत हो गई है कि गिरोह रीवा शहर या आसपास के इलाकों को टारगेट कर सकता है।
पुलिस की सतर्कता और अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि – किसी भी संदिग्ध युवक या मोटरसाइकिल पर नजर रखें। महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे मॉर्निंग वॉक या सुनसान जगहों पर अकेले जाने से बचें। यदि कोई घटना या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें।
