मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवतालाब शिव मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना और रुद्राभिषेक किया Aajtak24 News

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवतालाब शिव मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना और रुद्राभिषेक किया Aajtak24 News

रीवा - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक दिवसीय प्रवास पर मऊगंज जिले के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र देवतालाब पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव देवतालाब में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व देवतालाब शिव मंदिर पहुंच कर भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। उन्होंने भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से प्रदेश की निरंतर प्रगति और सुख तथा कल्याण की कामना की। दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री जी ने  शिवकुंड का अवलोकन किया तथा इसके सौंदर्यीकरण कराए जाने की बात कही। मंदिर परिसर में अंतर्राष्ट्रीय कलाकार बांकेलाल के शहनाई वादन की मुख्यमंत्री जी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।  उल्लेखनीय है कि विंध्य की धरा में मऊगंज जिले के देवतालाब शिव मंदिर का विशिष्ट स्थान है। कहा जाता है कि भगवान विश्वकर्मा ने केवल एक रात में एक ही पत्थर से शिव मंदिर का निर्माण किया था। रीवा-बनारस हाईवे पर स्थित देवतालाब शिव मंदिर में साल भर भक्तों की भीड़ रहती है। विंध्य में परंपरा रही है कि बद्रीनाथ और चारोंधाम की यात्रा का फल तभी मिलता है जब देवतालाब में भगवान शिव के दर्शन किए जाएं। यहां चारोंधाम यात्रा के बाद भी लोग देवतालाब अवश्य जाते हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम, विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी तथा स्थानीय जन उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post