![]() |
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के फ्लेक्स फाड़ने पर बवाल, धार में विरोधियों ने दिखाया गुस्सा Aajtak24 News |
धार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को होने वाले दौरे से पहले धार में सियासी तनाव बढ़ गया है। यहां रात के अंधेरे में अज्ञात लोगों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लगभग 80 फ्लेक्स फाड़ दिए। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पूरा शासन-प्रशासन पीएम मित्रा पार्क के शिलान्यास की तैयारियों में जुटा हुआ है। यह फ्लेक्स बदनावर के तिलगारा फाटे से लेकर भैंसोला और सांवराजी मंदिर तक लगे हुए थे। इस कृत्य को सीधे तौर पर सरकार और उसके प्रतिनिधियों के प्रति विरोधियों का गुस्सा माना जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में फ्लेक्स फाड़े जाने से प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी के धार जिलाध्यक्ष नीलेश भारती ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस कृत्य को असामाजिक तत्वों की हरकत बताया। भारती ने कहा कि कुछ लोगों को हमारे आदिवासी भाईयों के क्षेत्र का विकास हजम नहीं हो रहा है, जिसकी वजह से वे इस तरह की ओछी हरकतें कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है। यह घटना प्रधानमंत्री के दौरे से पहले ही स्थानीय स्तर पर राजनीतिक माहौल को गर्मा रही है और सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।