प्रेम प्रसंग के विवाद में चली गोली, भाजपा नेत्री के बेटे पर प्रेमिका के घर में तोड़फोड़ और मारपीट के आरोप Aajtak24 News

प्रेम प्रसंग के विवाद में चली गोली, भाजपा नेत्री के बेटे पर प्रेमिका के घर में तोड़फोड़ और मारपीट के आरोप Aajtak24 News

इंदौर - मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक हाई-प्रोफाइल घटना ने हलचल मचा दी है। यहां एक भाजपा नेत्री के बेटे अर्जुन जोशी (31) को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। यह घटना शुक्रवार देर रात खजराना थाना क्षेत्र में हुई, जब अर्जुन अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इस पूरे मामले में जहां अर्जुन घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं, वहीं उन पर प्रेमिका के घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

आधी रात का ड्रामा, फिर चली गोली

पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। अर्जुन जोशी देर रात करीब 1 बजे अपनी प्रेमिका के घर पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर उनके और प्रेमिका के पिता के बीच तीखी बहस हो गई। यह कहासुनी जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। पुलिस को मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दौरान अर्जुन ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और प्रेमिका के साथ-साथ उसके पिता से भी मारपीट की। इसी गहमागहमी के बीच अचानक गोली चल गई। अर्जुन ने अपनी प्रेमिका के पिता पर ही गोली चलाने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरा पक्ष इस आरोप से इनकार कर रहा है। घायल अर्जुन को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दूसरी ओर, प्रेमिका और उसके पिता ने भी अर्जुन के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने, तोड़फोड़ और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि मामला काफी पेचीदा है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस इस बात की पुष्टि कर रही है कि गोली प्रेमिका के पिता की लाइसेंसी पिस्टल से चली है, लेकिन गोली कैसे चली इसकी जांच अभी जारी है।

विवादों से घिरा रहा है परिवार

अर्जुन की मां, ममता नारायण जोशी, भाजपा से पार्षद का चुनाव लड़ चुकी हैं, जिससे यह मामला और भी सुर्खियों में आ गया है। अर्जुन का खुद का भी विवादों से पुराना नाता रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह कुछ साल पहले मॉडलिंग में करियर बनाने के लिए मुंबई गए थे, लेकिन असफल होने पर इंदौर लौट आए। इसके बाद से ही उनका नाम दबंगई और कई विवादों में आता रहा है। अर्जुन के छोटे भाई कान्हा जोशी का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। कान्हा पर लूट का आरोप लग चुका है और वह इस मामले में जेल भी जा चुका है। वह पहले भी कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री के पोते से झगड़ा कर चुका है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों पक्षों के बयानों की गहन जांच की जा रही है और सच्चाई का पता लगाने के बाद ही कोई अंतिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post