रामपुर में शर्मनाक वारदात: 8वीं की छात्रा से गैंगरेप, सिर पर वार कर किया बेहोश; 5 दिन बाद होश आने पर बताई आपबीती Aajtak24 News

रामपुर में शर्मनाक वारदात: 8वीं की छात्रा से गैंगरेप, सिर पर वार कर किया बेहोश; 5 दिन बाद होश आने पर बताई आपबीती Aajtak24 News

रामपुर/उत्तर प्रदेश - उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ हैवानियत का बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल जा रही 15 वर्षीय छात्रा को दो युवकों ने अगवा कर गैंगरेप किया और फिर सिर पर वार कर उसे बेहोश कर सड़क पर फेंक दिया। पांच दिन बाद होश में आने पर पीड़िता ने रो-रोकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

क्या है पूरी घटना?

यह खौफनाक वारदात 22 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे शाहबाद कोतवाली क्षेत्र में हुई। पीड़िता के पिता के अनुसार, उनकी बेटी साइकिल से स्कूल जा रही थी, तभी गांव का युवक विकास अपने एक साथी के साथ उसे रास्ते में जबरन रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने तमंचे के बल पर छात्रा को पास के एक खेत में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, दरिंदों ने छात्रा को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और फिर उसके सिर पर डंडे से भी वार किया। वारदात को अंजाम देने के बाद, वे उसे बेहोशी की हालत में साइकिल के पास सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।

पांच दिन बाद आया होश, अभी भी आंखों से नहीं दिख रहा

स्कूल के स्टाफ को जब छात्रा बेहोशी की हालत में मिली, तो वे उसे घर लेकर आए। परिजन उसे तुरंत बरेली मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां पांच दिन तक उसका इलाज चला। 27 अगस्त को जब छात्रा को होश आया, तब उसने परिवार को आपबीती बताई। इस सदमे से वह इतनी प्रभावित है कि उसे अभी भी आंखों से ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है। पीड़िता के परिजनों ने मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस घटना के बाद, आरोपी के स्वजन रिंकू फौजी पर पीड़ित परिवार को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगा है।

पुलिस ने दर्ज किया केस

रामपुर के पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहबाद कोतवाली में विकास, उसके साथी और रिंकू फौजी के खिलाफ गैंगरेप, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल भी कराया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने कहा है कि तथ्यों के आधार पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post