![]() |
| बिहार में रिश्तों का खून: 'जंजीरों में जकड़ी' विक्षिप्त बेटी ने हथौड़े से हमला कर पिता की हत्या की Aajtak24 News |
गया/बिहार - बिहार के गया जिले से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटी ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यह वारदात बोधगया थाना क्षेत्र के मनकोसी गांव की है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय कपिल मिस्त्री के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात जब कपिल मिस्त्री खाना खाने के बाद अपने घर में सो रहे थे, तभी उनकी 30 वर्षीय बेटी कंचन कुमारी ने उन पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। उसने पिता की गर्दन और सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी का खौफनाक अतीत
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेटी कंचन मानसिक रूप से बीमार थी, जिसके कारण परिवार वाले उसे अक्सर बेड़ियों और जंजीरों में जकड़कर रखते थे। ग्रामीणों ने बताया कि कंचन ने पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है। मृतक के पुत्र परशुराम कुमार ने भी पुष्टि की कि उसकी बहन करीब चार साल पहले अपने दुधमुंहे बच्चे सहित एक और व्यक्ति की हत्या कर चुकी है। कंचन की शादी करीब 17 साल पहले उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुई थी, लेकिन उसकी मानसिक स्थिति के कारण उसे मायके वापस लाना पड़ा, जहां उसकी हालत दिनोंदिन बिगड़ती गई।
पुलिस ने आरोपी बेटी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर बोधगया थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया है। बोधगया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी बेटी कंचन कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बना दिया है।
