![]() |
झारखंड के बोकारो में पुलिस-नक्सली भीषण मुठभेड़: कोबरा जवान घायल, 2 नक्सलियों के मारे जाने की खबर khabar Aajtak24 News |
बोकारो/झारखंड - झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच आज सुबह से ही भीषण मुठभेड़ जारी है। गोमिया प्रखंड के काशीटांड और लुगू पहाड़ी के बीच के दुर्गम इलाके में यह खूनी संघर्ष हो रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तत्काल एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है। वहीं, सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में दो नक्सलियों के भी ढेर होने की सूचना है, हालांकि बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नक्सली कमांडर बीरसेन का दस्ता निशाने पर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मुठभेड़ कुख्यात नक्सली कमांडर बीरसेन के दस्ते के साथ हुई है। नक्सलियों की मूवमेंट की सूचना पर सुरक्षा बलों ने जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया था, जिसके बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसमें कई नक्सलियों को गोली लगने की खबर है।
लुगू पहाड़ी पर फिर एनकाउंटर
यह मुठभेड़ उसी लुगू पहाड़ी पर हो रही है, जो पिछले कुछ समय से नक्सलियों का गढ़ बनी हुई है। आपको बता दें कि इसी साल 21 अप्रैल 2025 को भी लुगू पहाड़ी पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई थी, जिसमें डेढ़ करोड़ के इनामी नक्सली विवेक दा सहित आठ टॉप लेवल के नक्सली मारे गए थे। इस बड़ी कार्रवाई के बाद आज नक्सलियों ने एक बार फिर इसी क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की।
सर्च ऑपरेशन जारी, पूरी जानकारी का इंतजार
वर्तमान में भी घटनास्थल पर रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि नेटवर्क की समस्या के कारण सारी जानकारी पहुंचने में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि इलाके में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर रखी है और सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मुठभेड़ की वास्तविक स्थिति और हताहतों के बारे में पूरी जानकारी सामने आ पाएगी। सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी के साथ नक्सलियों का मुकाबला कर रहे हैं।