![]() |
रीवा में दरिंदगी की हद पार: युवक का गला रेतकर हत्या, वायरल वीडियो के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार giraftar Aajtak24 News |
रीवा - मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक युवक की निर्मम हत्या ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। लालगांव चौकी अंतर्गत पिपरहा गांव के 27 वर्षीय अभिषेक त्रिपाठी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई, जिसका भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्य आरोपी रजनीश उर्फ भोले मिश्रा पुलिस के शिकंजे में आ गया है। यह सनसनीखेज घटना गढ़ थाना क्षेत्र के भोखरी जंगल में 7 मई की शाम करीब 7 बजे अंजाम दी गई। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि खून से लथपथ अभिषेक जमीन पर पड़ा है और एक दूसरा युवक बेरहमी से उसका गला रेत रहा है, जबकि तीसरा युवक इस जघन्य अपराध का वीडियो बना रहा है। वीडियो में आरोपियों की बातचीत से यह आशंका बलवती हो रही है कि हत्या पूर्व नियोजित थी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन वीडियो लेकर थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के निर्देशन में तत्काल जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 मई को दोपहर करीब 12 बजे मुख्य आरोपी रजनीश उर्फ भोले मिश्रा को खैरा गांव से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पुलिस विभाग ने अभी तक इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मृतक अभिषेक त्रिपाठी पिपरहा गांव का रहने वाला था और अपने माता-पिता का बड़ा बेटा था। वहीं, आरोपी रजनीश उर्फ भोले मिश्रा के आपराधिक इतिहास की बात करें तो सूत्रों के अनुसार उस पर पहले भी चोरी, लूटपाट और मारपीट जैसे कई मामले दर्ज हैं। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या किसी आपराधिक गिरोह की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
इस घटना के बाद पिपरहा गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने आरोपी को पहले ही गंभीरता से लिया होता तो शायद अभिषेक की जान बच सकती थी। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी महत्वपूर्ण सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।