![]() |
| न्याय के लिए दर-दर भटक रहा मजदूर, वर्षों से अधिकारियों की चौखट पर लगा रहा गुहार |
रीवा। जमीन और आवास से जुड़े विवाद में घुमा कटरा निवासी मजदूर लखपति कुशवाहा पिछले कई वर्षों से न्याय के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है। पीड़ित का कहना है कि विवाद वर्ष 2017-18 से चला आ रहा है, लेकिन वर्ष 2026 तक भी मामले का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
लखपति कुशवाहा के अनुसार पड़ोसी पक्ष से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उसका आरोप है कि विवाद के चलते उसे प्रताड़ना और मारपीट की स्थिति का सामना करना पड़ता है। मामले को लेकर वह कलेक्टर की जनसुनवाई में चार बार आवेदन देने के साथ पुलिस अधीक्षक और संबंधित थाने में भी शिकायत कर चुका है।
पीड़ित का कहना है कि जमीन विवाद से संबंधित मामला तहसीलदार और एसडीओ न्यायालय में भी चल रहा है। इसके बावजूद उसे राहत नहीं मिल सकी। उसका दावा है कि शासन की ओर से उपलब्ध कराए गए भूखंड को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हुई है।
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले लखपति का कहना है कि लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने से उसकी आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ा है। उसने संभागीय आयुक्त, जिला प्रशासन, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मामले में हस्तक्षेप कर राजस्व अभिलेखों एवं लंबित प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमानुसार राहत दिलाने की मांग की है।
