बिलासपुर - बिलासपुर संभागायुक्त श्री महादेव कावरे ने आज शाम मुंगेली जिले के सरगांव स्थित धान खरीदी केंद्र का दौरा किया और आगामी खरीदी सत्र के लिए चल रही तैयारियों का अवलोकन किया। गौरतलब है कि इस वर्ष 14 नवंबर से राज्य में धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होनी है, जिसे लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री कावरे ने खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए लगाए गए उपकरणों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, मॉइश्चर मशीन, और धान संग्रहण के लिए बनाए गए चबूतरों की उपलब्धता की जांच की। साथ ही, केंद्र पर लगाए गए बैनरों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के डिस्प्ले की स्थिति का भी निरीक्षण किया।
संभागायुक्त ने इस दौरान केंद्र में काम करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर और हमाल (मजदूरों) की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने किसान पंजीयन और बैंक में नगद राशि की व्यवस्था की भी समीक्षा की, ताकि खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
धान खरीदी में पारदर्शिता और कुशल संचालन के निर्देश
संभागायुक्त ने एसडीएम पथरिया श्री भरोसा राम ठाकुर को निर्देश दिया कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो और केंद्रों पर पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों पर सभी आवश्यक उपकरण और संसाधन व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध हों ताकि किसानों की धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पथरिया श्री भरोसा राम ठाकुर, खाद्य निरीक्षक, प्रबंधक धनुष साहू सहित अन्य स्टाफ भी उपस्थित थे। संभागायुक्त ने अधिकारियों को किसानों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और केंद्रों पर सुरक्षा एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।