प्रभारी खाद्य आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती त्रिपाठी ने शुभम वेयरहाउस का किया औचक निरीक्षण
नमीयुक्त एवं क्षतिग्रस्त गेहूं के उठाव पर की कार्यवाही
सागर - कलेक्टर श्री दीपक सिंह के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती सपना त्रिपाठी ने गुरुवार को शुभम वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि, वेयरहाउस में नमी युक्त एवं क्षतिग्रस्त गेहूं का उठाव किया जा रहा है जो पीडीएस शॉप पर भेजा जाएगा। उन्होंने जब इस संबंध में पड़ताल की तो पाया कि, वेयरहाउस में फ्यूमीगेशन कार्य (छिड़काव) किया गया है। ज्ञात हो कि, वर्तमान समय में फ्यूमीगेशन करना उचित नहीं था। श्रीमती त्रिपाठी ने जानकारी दी कि, खुरई रोड स्थित शुभम वेयरहाउस से पीडीएस की दुकानो में क्षतिग्रस्त और नमीयुक्त गेहूं के उठाव के संबंध में परिवहनकर्ता/अन्य द्वारा शिकायत प्राप्त हुई थी। इस पर कलेक्टर श्री दीपक सिंह ने निर्देश दिए कि वेयरहाउस तथा उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के इशू किये गए स्टाक में उठाव होने की शिकायत की जांच-पड़ताल घटना स्थल पर जाकर की गई। प्रभारी खाद्य आपूर्ति नियंत्रक संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी के मार्गदर्शन में खाद्य विभाग के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों द्वारा डीएम वेयरहाउसिंग श्री सालवी, रीजनल मैनेजर नागरिक आपूर्ति निगम के समक्ष की गयी। निरीक्षण के दौरान दिए गए सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है साथ ही मौके पर पंचनामा बनवाया गया और संबंधितों के कथन भी लिए गए।