| जवा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 71 लीटर महुआ शराब जब्त |
रीवा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप मिश्रा के निर्देशन एवं एसडीओपी डभौरा श्री नारायण सिंह कुमरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौड़ के नेतृत्व में जवा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने 9 सितंबर को थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 71 लीटर हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब जब्त की।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 14,200 रुपये है। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 3 क्विंटल लाहन भी मौके पर मिला, जिसे पुलिस टीम ने नष्ट कर दिया। लाहन की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अलग-अलग 9 प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना बताया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौड़ सहित सउनि अखिलेश्वर सिंह, सउनि रन्नू देवी, सउनि लल्लूलाल रावत, प्रधान आरक्षक राजरूप साकेत, प्रेमशंकर साकेत, आरक्षक सूरज सिंह, वेद प्रकाश वर्मा, सोनू सिंह और ब्रजकिशोर की सराहनीय भूमिका रही।