| रीवा मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में 323 आवेदन प्राप्त, अधिकांश का मौके पर हुआ निराकरण |
रीवा - मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम अंतर्गत ग्राम पंचायत गहिलवार, जनपद पंचायत जवा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर जिला रीवा नरेंद्र सूर्यवंशी के नेतृत्व में जिले के समस्त जिला अधिकारियों का निरीक्षण दल बस से शिविर स्थल पहुंचा। निरीक्षण दल द्वारा सर्वप्रथम पटेहरा हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति, साइकिल वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण, छात्रवृत्ति खाता अपडेशन एवं प्रोफाइल अपडेशन की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने विद्यालय में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात निरीक्षण दल द्वारा ग्राम पंचायत कल्याणपुर में 12.57 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से संचालित मेगा प्लांटेशन कार्य का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने फलदार पौधों को निर्धारित दूरी पर व्यवस्थित रूप से लगाए जाने तथा पौधों की उचित देखभाल एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीप स्थित प्राथमिक शाला, जिसे लगभग एक माह पूर्व अन्य विद्यालय में स्थानांतरित किया गया है, के स्वीकृत नवीन भवन का निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने तथा परिसर की फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण दल ने ग्राम पंचायत कल्याणपुर के राशन वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। ई-पॉस मशीन में विद्युत व्यवस्था के अभाव को देखते हुए बैटरी दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। उपस्थित ग्रामीणों से समय पर खाद्यान्न प्राप्त होने एवं उसकी गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली गई। खाद्यान्न को नमी से बचाने के लिए उचित धूप एवं भंडारण व्यवस्था तथा सामने स्थित चबूतरे की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। माह अगस्त में लगभग 90 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण पूर्ण पाया गया। शेष हितग्राहियों को शीघ्र खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नर्मदा गेस्ट हाउस में हुआ शिविर का औपचारिक शुभारंभ
निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के नेतृत्व में समस्त जिला अधिकारी मुख्य कार्यक्रम स्थल नर्मदा गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां मुख्य अतिथि युवराज दिव्यराज सिंह, विधायक सिरमौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 68, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, जिला पंचायत सदस्य पूर्णिमा तिवारी, जनपद अध्यक्ष रन्नु बी.डी. पांडे सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
शिविर में ग्राम पंचायत गहिलवार, खमरिया-17, कल्याणपुर, टिकैतन पुरवा सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए। कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ रही। आमजन की सुविधा के लिए आयुष्मान पंजीयन, आधार पंजीयन तथा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। समस्त विभागों के काउंटरों पर ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में कुल 323 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों पर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के अंदर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता : कलेक्टर
अपने उद्बोधन में कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके अंतर्गत जिला एवं जनपद स्तर के सभी अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर ग्रामीणजनों की समस्याएं सुनते हैं तथा उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा आमजन को तत्काल राहत एवं समाधान उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर ने अतिवृष्टि के कारण बाधित हुए ग्राम पंचायतों के मार्गों की शीघ्र मरम्मत एवं आवागमन बहाल करने, ग्राम पंचायतों में व्याप्त गंदगी की तत्काल साफ-सफाई कराने तथा वर्षा से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के संबंध में मुआवजा प्रकरणों की कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रीवा सृष्टि देशमुख गौड़ा ने उपस्थित अधिकारियों को शिविर का शासन की मंशानुरूप संचालन करते हुए प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी सेवा सप्ताह, जो 17 सितंबर से प्रारंभ किया जा रहा है, के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में शिविर महत्वपूर्ण : विधायक
मुख्य अतिथि युवराज दिव्यराज सिंह ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए ऐसे शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के कार्यकाल में यह एक अभिनव पहल है, जिसमें जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर ग्रामीणजनों को हितलाभ प्रदान कर रहे हैं तथा उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना अंतर्गत गैस कनेक्शन, शौचालय निर्माण एवं निःशुल्क खाद्यान्न वितरण सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में राजस्व अधिकारी माइकल तिर्की, तहसीलदार सौरभ द्विवेदी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जवा सुलाब सिंह पूशाम, एपीओ जवा नागेन्द्र सिंह, एई जवा आशुतोष सिंह, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी अमित पाण्डेय, बीपीओ जवा जीतेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत कल्याणपुर के सरपंच सुरेंद्र सिंह बघेल, सचिव शंकर लाल, सहायक सचिव तरुणेन्द्र द्विवेदी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर जैसे आयोजनों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने, आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।