पत्थरबाज समाज के दुश्मन, कड़ी सजा का कानून बनाएंगे - सीएम शिवराज सिंह
भोपाल (ब्यूरो रिपोर्ट) - पत्थरबाजों को लेकर राज्य सरकार सख्त है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पत्थरबाजी सामान्य अपराध नहीं है। ये समाज के दुश्मन हैं और ऐसे लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा। चौहान रविवार को मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सजा के लिए कड़ा कानून बना रहे हैं। सजा के साथ ही ऐसे उपद्रवी लोगों को पीड़ित व्यक्ति को क्षतिपूर्ति भी देनी होगी। उपद्रवी से आर्थिक भरपाई भी करवाई जाएगी। उसकी संपत्ति राजसात की जाएगी। चौहान ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों को कानून बनाने के निर्देश दे दिए हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने साफ कहा कि पत्थरबाजी से किसी की जान भी जा सकती है। पत्थरबाजी से भय और आतंक का माहौल बनता है। भगदड़ मचती है, अव्यवस्थाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कानून का राज ही चलेगा। अब तक ऐसे मामलों में मामूली कार्रवाई होती थी, अब कड़ी सजा का प्रविधान करने के लिए कानून बना रहे हैं।
अक्षम्य अपराध की श्रेणी में : मुख्यमंत्री चौहान ने कहा की पत्थरबाजी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, आगजनी को अंजाम देना या किसी का व्यक्तिगत नुकसान या तोड़फोड़ करना अक्षम्य अपराध की श्रेणी में है। पत्थरबाजी जैसी घटनाएं सहन नहीं की जाएंगी।