खकनार में शुरू हुआ भाजपा का दो दिनी मंडल प्रशिक्षण में श्री पाटिल ने कहा अब कोई भी पिता बेटी की शादी के लिए कर्ज नहीं लेता
बुरहानपुर (अमर दिवाने) - खकनार के गुरूकल एकेडमी में मंगलवार से भाजपा का खकनार मंडल प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ। इसमें वक्ताओं ने अलग-अलग विषयों पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को संबोधित किया। भाजपा की उपलब्धियां विषय पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्ञानेश्वर पाटिल ने संबोधित किया। उन्होंने कहा भाजपा में संगठन सर्वोपरि है। भाजपा किसी एक नेता की नहीं, कार्यकर्ताओं की पार्टी है। आज पूरे विश्व में सबसे अधिक सदस्यता वाली पार्टी बन गई है। देशभर में 21 करोड़ सदस्य है। भाजपा ने ही गरीबों के लिए दो रूपए किलो चावल, एक रूपए किलो गेहूं देने की योजना शुरू की। पहले कई परिवार बेटियों की शादी करवाने के लिए कर्ज लेते थे। कर्ज चुका नहीं पाते थे। जमीन तक बिक जाती थी। प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार बनी। उन्होंने बेटियों के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की शुरूआत की। आज हजारों बेटियों की शादी कन्यादान योजना में हो चुकी है। अब माता-पिता को बेटियों की शादी के लिए कर्ज नहीं लेना पड़ता है।
आज किसानों को सतत 10 घंटे बिजली सिंचाई के लिए दी जा रही है। बिजली के बिल भी कम हो गए है। सिंचाई की क्षमता और रकबा दोनों बढ़ा है। म.प्र. में सबसे ज्यादा गेहूं का उत्पादन हुआ। प्रदेश ने पंजाब को पीछे छोड़ दिया। भाजपा ने किसानों के दु:ख को समझा। गरीब मकान तक नहीं बना पाता था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की। आज गरीबों के पक्के मकान बन गए है। बीच में जब कांग्रेस की सरकार बनी तो प्रधानमंत्री आवास योजना भी अधर में लटक गई थी, लेकिन अब फिर से प्रदेश विकास के पथ पर दौड़ रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी कांग्रेस की सरकार ने प्रीमियम जमा नहीं करवाया था, इसलिए पीड़ित किसानों को राशि नहीं मिल पा रहा थी। शिवराजसिंह चौहान के सरकार में वापसी करने के बाद किसानों को करोड़ों रूपए का बीमा दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने आयुष्मान कार्ड योजना शुरू कर गरीबों को बड़ी सौगात दी है। 5 लाख रूपए तक का इलाज सरकार निःशुल्क करवा रही है। बड़ी से बड़ी बीमारी का इलाज गरीब करवा सकता है। संबल कार्ड योजना से विद्यार्थियों को भी फायदा हो रहा है।
मेडिकल या किसी भी तरह की पढ़ाई के लिए काॅलेज में प्रवेश के लिए पालकों को परेशान नहीं होना पड़ रहा है। गरीब विद्यार्थी बड़े काॅलेजों में प्रवेश ले रहे हैं। उज्जवला गैस योजना शुरू कर चूल्हे पर भोजन पकाने वालीं महिलाओं को बड़ी राहत दी है। पहले गांवों, शहरों में गरीब घर की महिलाएं चूल्हे पर भोजन पकाती थी। धूएं से आंखों में जलन होती थी। सांस की बीमारी हो रही थी। प्रधानमंत्री मोदीजी ने उज्जवला गैस योजना शुरू करने के बाद गैस कनेक्शन मिलना शुरू हुए। लाखों महिलाओं को इसका फायदा मिला। किसानों के लिए कम कीमत पर खाद उपलब्ध करवाया जा रहा है। बिना ब्याज के कर्ज दिया जा रहा है। कई तरह की किसान कल्याण की योजनाएं प्रदेश और देश में चलाई जा रही है। इस दौरान नेपानगर विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज लधवे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजू शिवहरे, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।