धान खरीदी केन्द्रों पर केप निर्माण की कलेक्टर ने की समीक्षा | Dhaan kharidi kendro pr camp nirman ki collector ne ki samiksha

धान खरीदी केन्द्रों पर केप निर्माण की कलेक्टर ने की समीक्षा

05 दिसंबर तक केप का निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश

धान खरीदी केन्द्रों पर केप निर्माण की कलेक्टर ने की समीक्षा

बालाघाट (देवेंद्र खरे) - समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के लिए बनाये गये केन्द्रों पर शासन के निर्देशों के अनुसार मनरेगा से केप (प्लेटफार्म) का निर्माण किया जा रहा है। जिससे धान खरीदी केन्द्रों पर खरीदे गये धान के भंडारण के लिए अच्छा स्थान उपलब्ध हो सकेगा और वर्षा होने पर धान की भीगने से बचाया जा सकेगा। कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने आज 23 नवंबर को जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं मनरेगा के उपयंत्रियों की बैठक लेकर केप निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती उमा महेश्वरी भी उपस्थित थी। 

धान खरीदी केन्द्रों पर केप निर्माण की कलेक्टर ने की समीक्षा

कलेक्टर श्री आर्य ने बैठक में केप निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान उपयंत्रियों को निर्देशित किया कि 05 दिसम्बर तक केप का कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए। जिन स्थानों पर केप निर्माण का विवाद है या अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है उसे निरस्त करने के निर्देश दिये गये। जिन स्थानों पर केप का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है उनके पूर्णता प्रमाण पत्र शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। 

कलेक्टर श्री आर्य ने बैठक में कहा कि केप का निर्माण धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने एवं खरीदे गये धान के सुरक्षित व सुव्यवस्थित भंडारण के लिए किया जा रहा है और चालू धान खरीदी सीजन में उनका उपयोग होना चाहिए। 05 दिसंबर तक जिन उपयंत्रियों द्वारा निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया जायेगा उनके विरूद्ध वेतन रोकने एवं डाईज नान की कार्यवाही की चेतावनी दी गई। मनरेगा के जिन उपयंत्रियों के काम में प्रगति नहीं आ रही है या जो काम नहीं कर रहे हैं, उन्हें पद से पृथक करने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये। माह अक्टूबर 2020 में मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी व्यय में अच्छा कार्य करने वाले उपयंत्रियों की प्रशंसा भी की गई। 

मनरेगा के अंतर्गत जिले में 128 धान खरीदी केन्द्रों पर केप निर्माण कार्य स्वीकृत किये गये है। इनमें से 75 केप दो हजार मिट्रीक टन क्षमता के, 46 केप 1500 मिट्रीक टन क्षमता के और 07 केप 500 मिट्रीक टन क्षमता के है। 02 हजार मिट्रीक टन क्षमता के केप की लागत 13 लाख 08 हजार रुपये, 1500 मिट्रीक टन क्षमता के केप की लागत 10 लाख रुपये एवं 500 मिट्रीक टन क्षमता के केप की लागत 04 लाख 18 हजार रुपये निर्धारित है।

Post a Comment

Previous Post Next Post