नेपानगर विधानसभा उपचुनाव में पूरी ताकत झोंकने को तैयार भाजपा | Nepa nagar vidhansabha up chunav main puri taqat jhokne ko tayyar bhajpa

नेपानगर विधानसभा उपचुनाव में पूरी ताकत झोंकने को तैयार भाजपा

आज चुनाव को लेकर होगी महत्वपूर्ण बैठक, चुनाव प्रभारी वन मंत्री विजय शाह, सांसद, विधायक होंगे शामिल

भाजपा ने पूर्व विधायक सुमित्रा कास्डेकर को पहले से ही घोषित कर दिया है प्रत्याशी

नेपानगर विधानसभा उपचुनाव में पूरी ताकत झोंकने को तैयार भाजपा

बुरहानपुर। (अमर दिवाने) - आगामी विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी अपनी पूरी ताकत झोंककर यह सीट जीतने की रणनीति बना रही है। भाजपा की ओर से नेपानगर विधानसभा के लिए सांसद, मंत्री, विधायकों को चुनाव प्रभारी बनाया गया है जो सीट जिताने के लिए मेहनत करेंगे। भाजपा ने पूर्व विधायक सुमित्रा कास्डेकर को अपना प्रत्याशी बनाया है। चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की बैठक 7 सितंबर को नेपानगर में रखी गई है। बैठक में प्रदेश संगठन द्वारा नियुक्त चुनाव प्रभारी व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान, भाजपा नेता गोपीकृष्ण नेमा इंदौर, वन मंत्री विजय शाह, खरगोन सांसद गजेंद्र पटेल, खंडवा विधायक देवेन्द्र वर्मा, धार विधायक नीना वर्मा, पंधाना विधायक राम दांगोरे, पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बैठक शाम 4 बजे से अणुव्रत भवन में होगी।

नेपानगर विधानसभा उपचुनाव में पूरी ताकत झोंकने को तैयार भाजपा

नेपानगर विधानसभा से भी भाजपा ही जीत दर्ज कराएगी

भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने कहा कि नेपानगर विधानसभा में कोई विकास कार्य नहीं हुए। विधायक रहते हुए कास्डेकर ने प्रयास करना चाहे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। यही वजह रही कि वह भाजपा में आ गई। पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार भी बना दिया। हमारा विश्वास है कि पार्टी के सभी नेता, कार्यकर्ता मिलकर नेपानगर सीट पर जीत दर्ज कराएंगे। चुनाव प्रभारी आज नेपानगर में आयोजित बैठक में रणनीति पर चर्चा करेंगे।

*उपचुनाव से पहले कांग्रेस छोडकर भाजपा में आ रहे नेता, कार्यकर्ता*

- देडतलाई, दरियापुर के कांग्रेसियों ने थामा भाजपा का दामन
बुरहानपुर। उपचुनाव से पहले कांग्रेस के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्र के नेता, कार्यकर्ता भाजपा का दामन थाम रहे हैं। क्योंकि उपचुनाव को लेकर भाजपा में तैयारियां जोरों पर है। एक दिन पहले ही ग्राम देडतलाई और दरियापुर के कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। देडतलाई के ओम प्रकाश प्रजापति, जगदीश यादव, बंटी यादव लंबे समय से कांग्रेस से जुडे थे, लेकिन वह अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसी तरह दरियापुर के दिवाकर पुण्डलिक कोली और अन्य कईं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने पुष्पमाला पहनाकर भाजपा में शामिल किया इस दौरान पूर्व विधायक मंजू दादू, ज्ञानेश्वर पाटिल, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे, दरियापुर मंडल अध्यक्ष गजराज राठौर आदि मौजूद थे। देड़तलाई में पूर्व विधायक रामदास शिवहरे, योगेश यादव, नारायण जायसवाल, भाजपा खकनार मंडल अध्यक्ष संजय सहगल की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।

*अभी और भी नेता, कार्यकर्ता भाजपा में आएंगे*

इसे लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने कहा कि अभी तो यह शुरूआत है। कांग्रेस की रीति नीति को देखकर अब अधिकांश कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता उनके साथ रहकर काम नहीं करना चाहते इसलिए भाजपा में आ रहे हैं। भाजपा में विकास और कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाती है। यही वजह है कि अभी दरियापुर, देडतलाई के कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा से जुडे। आगे भी और लोग भाजपा में आएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post