बुरहानपुर भाजपा ने ग्राम भोलाना को लिया गोद
राशन दुकान से लेकर सडक, बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं कराएंगे दुरूस्त
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने कलेक्टर को लिखा पत्र
बुरहानपुर। (अमर दिवाने) - हाल ही में अटल स्वास्थ्य सहायता केंद्र खोलने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने समाजसेवा की दिशा में एक और कदम बढाया है। जिससे गांवों की तस्वीर भी बदल सकती है। भारतीय जनता पार्टी ने ग्राम भोलाना को गोद लिया है। जहां ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। राशन दुकान से मिलने वाले राशन से लेकर सडक, बिजली, पानी सहित अन्य सुविधाएं आसानी से मुहैया कराने का संकल्प भाजपा ने लिया है। इसे लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने कलेक्टर प्रवीण सिंह को पत्र भी लिखा।
कलेक्टर को लिखे पत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि ग्राम भोलाना को भाजपा ने गोद लिया है। यह ग्राम पातोंडा पंचायत का उप ग्राम है। यहां की आबादी करीब 2 हजार से अधिक है। किंतु ग्राम भोलाना में शासकीय उचित मूल्य की दुकान नहीं है। जिसके कारण यहां के ग्रामीणों को अनाज लेने के लिए पातोंडा जाना पडता है। जिससे उन्हें खासी परेशानी होती है। इसलिए ग्राम भोलाना में ही सरकारी उचित मूल्य की दुकान खोली जाना चाहिए
भोलाना पातोंडा जर्जर मार्ग का निर्माण किए जाने की मांग
भाजपा ने रोड निर्माण को लेकर भी एक पत्र कलेक्टर को दिया। जिसमें कहा गया कि ग्राम भोलाना के लोगों का आवागमन पातोंडा होता है। परंतु यह मार्ग काफी जर्जर है। जिससे आवागमन में परेशानी होती है। इस रोड पर जगह जगह गड्ढे हो गए हैं। बारिश में स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई है। सालों से इस रोड का निर्माण नहीं हुआ है। इसलिए इस रोड का निर्माण किया जाना चाहिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी शुरू करने की मांग
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर को पत्र लिखकर कहा कि ग्राम भोलाना बुरहानपुर से करीब 15 किमी दूर सुदूर पहाडों में स्थित है। यहां की जनसंख्या करीब दो हजार से अधिक है। परंतु यहां स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया नहीं है। आज भी लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी आने पर बुरहानपुर आना पडता है। इसलिए इस समस्या को देखते हुए यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाना चाहिए।
वर्जन-
भाजपा ने गांव को लिया गोद
ग्राम भोलाना कईं समस्याओं से एक साथ जूझ रहा है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने निर्णय लिया है कि गांव को गोद लेकर यहां सारी मूलभूत, स्वास्थ्य सुविधाएं आदि मुहैया कराई जाए। इसके लिए कलेक्टर को भी पत्र लिखा गया है।
मनोज लधवे, भाजपा जिलाध्यक्ष
Tags
burhanpur