डीजल शेड रतलाम में इलेक्ट्रिक लोको की हेवी शेडयूल की शुरूआत
रतलाम (संदीप बरबेटा) - पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के डीजल शेड रतलाम के कर्मठ कर्मचारियों द्वारा इलेक्ट्रिक लोको की प्रथम टर्म ओवर हॉलिंग(हेवी शेड्युल) को सफलता पूर्वक सम्पन्न किया गया। इसकी जानकारी देते हुए मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान डीजल शेड रतलाम के कर्मठ कर्मचारियों द्वारा अपने नियमित कार्यों के साथ ही साथ कोरोना से बचाव से संबंधित कई कार्यों जैसे मास्क, सैनिटाइजर, प्रेशर पंप, ऑक्सीजन ट्रॉली, लगेज सैनिटाइजन मशीन आदि का निर्माण किया गया। डीजल शेड रतलाम के कर्मचारियों द्वारा अपने कार्यों में भी नियमित रूप से नए-नए प्रयोग करते रहते हैं। पूर्व में डीजल शेड रतलाम में सिर्फ डीजल लोको का ही अनुरक्षण किया जाता था, पिछले कुछ समय से यहाँ डीजल लोको के साथ ही साथ इलेक्ट्रिक लोको का भी अनुरक्षण आरंभ किया गया है। वर्तमान में रतलाम डीजल शेड में 50 इलेक्ट्रिक लोको का सामान्य अनुरक्षण किया जा रहा था। पिछले सप्ताह डीजल शेड रतलाम के कर्मचारियों द्वारा उनके अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों के निर्देशन में इलेक्ट्रिक लोको संख्या 23292 डब्ल्यूएजी5एच का टर्म ओवर हॉलिंग (हेवी शेड्युल) जो दो वर्ष में एक बार की जाती है, करने का प्रयास किया गया तथा 11 जुलाई 2020 को डीजल शेड रतलाम में इलेक्ट्रिक लोको की प्रथम हेवी शेड्युल को सफलता पूर्वक सम्पन्न किया गया। डीजल शेड रतलाम द्वारा इलेक्ट्रिक लोको के अनुरक्षण में सफलतापूर्वक हेवी शेड्युल को सम्पन्न करना एक विशेष उपलब्धि के समान है। इस कार्य से रतलाम डीजल शेड में इलेक्ट्रिक लोको की संख्या बढ़ने के साथ ही यह शेड इलेक्ट्रिक लोको के अनुरक्षण के लिए भी जाना जाने लगेगा। इस कार्य में विद्युत लोको शेड वडोदरा एवं वलसाढ़ के साथ ही साथ दाहोद वर्कशॉप का भी काफी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है जिनके द्वारा कोरोना प्रभाव के दौरान भी समय पर विभिन्न उपकरणों के साथ ही साथ उनके पर्यवेक्षकों का सहयोग प्राप्त हुआ।
Tags
jhabua