दो और कोरोना पॉजिटिव स्वस्थ्य हुए, भेजे गए क्वारंटाइन सेंटर
मुंबई से लौटे लोगों के चलते जिले में बढ़े कोरोना पॉजिटिव के तेजी से मामले
डिंडौरी (पप्पू पड़वार) - जिले में मुंबई से लौटे लोगों के साथ मजदूरों के चलते कोरोना पॉजिटिव के मामले तेजी से बढ़े हैं। कुल 23 कोरोना पॉजिटिव में से 22 मुंबई से लौटे लोग ही हैं। बुधवार को दो और कोरोना पीड़ित स्वस्थ्य हुए हैं। जानकारी में बताया गया कि 18 मई को जनपद मुख्यालय समनापुर और बजाग के क्वारंटाइन सेंटर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए मुंबई से लौटे दोनों मजदूर अब लगभग स्वस्थ्य हो चुके हैं। बताया गया कि सतर्कता बरतने के चलते 14 दिन की समय सीमा पूरा होने के बाद भी दोनों को समनापुर और बजाग के क्वारंटाइन सेंटर में वापस भेजा गया है। बताया गया कि सतर्कता के चलते दोनों को लगभग एक सप्ताह क्वारंटाइन सेंटर में रखने के बाद ही घर दिया जाएगा। यद्यपि इस निर्णय को लेकर बीएमओ सहित अन्य जनो द्वारा सवाल भी उठाए जा रहे हैं। जिले में स्वस्थ होने वाले कोरोना पीड़ित का आंकड़ा इसी के साथ अब 4 पहुंच गया है। बताया गया कि अब तक कुल 1313 संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें से कोरोना नेगेटिव की संख्या 1149 है। डीपीएम विक्रम सिंह ने बताया कि 23 कोरोना पॉजिटिव मामले अब तक जिले भर से सामने आए हैं, जिनमें चार स्वस्थ हो चुके हैं। इस तरह वर्तमान में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव की संख्या 19 है। बताया गया कि अन्य राज्य व अन्य जिलों से लोगों का लौटना अभी भी जारी है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग वापस घर लौट रहे हैं। लौटने वाले मजदूरों सहित लोगों की संख्या 33503 पहुंच गई है। बताया गया कि 27691 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। संस्थागत क्वारंटाइन में 1469 लोगों को किया जाना बताया गया। राहत शिविर में इन दिनों 7179 लोगों का होना बताया जा रहा है। जिले में सबसे अधिक शहपुरा विकासखंड में कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं। एक ही परिवार के अब तक 11 लोग पीड़ित यही सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि डिंडौरी में जितने भी कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आ रहे हैं, उन सभी की हालत डॉक्टर द्वारा खतरे से बाहर बताई जा रही है। जनपद मुख्यालय के साथ ग्रामीण अंचलों में भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा सतर्कता बरतने की जानकारी दी जा रही है। इस मामले में आरोप यह भी लग रहे हैं कि जानकारी अधिकृत तौर पर शीघ्र सामने नहीं आ पाती ऐसे में अफवाह भी फैलने का डर बना रहता है।
Tags
dindori
