अपने-अपने घरों पर पहुंचने पर लोगों के चेहरो पर आई खुशियां
बुरहानपुर। (अमर दिवाने) - प्रत्येक व्यक्ति का घर उसके लिए स्वर्ग जितना होता है, व्यक्ति चाहे कही भी हो लौटता हमेशा अपने घर की ओर ही है। वर्तमान स्थिति में ऐसे कई नागरिक है जो अन्य जिलो और अन्य प्रांतो के है। लेकिन किसी न किसी कारणवश अन्य जिलों एवं प्रांतो में फंसे हुए है। जिला प्रशासन द्वारा अपने भाई-बहनों को हरसंभव प्रयास कर अपने घर भेजा जा रहा है। नागरिकों ने जिला प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं, सुविधाओं एवं घर जाने की खुशी अलग ही उनके शब्दों में बयां की है। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के निवासी शुभम कुमार चौधरी द्वारा बताया गया कि महाराष्ट्र राज्य के जलगांव जिले में मजदूरी करने के लिए गया था। लॉकडाउन होने के कारण जलगांव में फंस गया था। जलगांव जिले से पैदल-पैदल अपने गंतव्य स्थल पर जाने के लिए निकला। जैसा ही मध्य प्रदेश बुरहानपुर जिले की सीमा पर पहुंचा तो यहां पर जिला प्रशासन और मध्य प्रदेश सरकार द्वारा जो व्यवस्था की है वह अत्यंत ही सराहनीय है। यहां पर हमें भोजन, पेयजल की व्यवस्था कर बस के माध्यम से अपने गृह जिले में भेजा जा रहा है। इसके लिए मैं मध्य प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का तहै दिल से धन्यवाद देता हु।
मध्य प्रदेश दतिया जिले की निवासी संजना बघेल ने बताया कि महाराष्ट्र राज्य के जलगांव जिले में नौकरी के लिए आई थी। लेकिन संपूर्ण भारत वर्ष में लॉक डाउन होने के कारण मैं जलगांव जिले में फंस जाने के कारण मैने अपने घर के लिए पैदल चलकर जाने का फैसला किया। जब मैंने मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश किया तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यहां से हमे जाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा भोजन, पीने के लिए पानी तथा अपने घर के लिए जाने के लिए बस की व्यवस्था की जो बहुत ही प्रशंसनीय है। इस कार्य के लिए संजना बघेल ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया है।
इसी कड़ी में आज जिले से 7 बसों के माध्यम से 300 से अधिक लोगों को जो मध्य प्रदेश के अन्य जिले जिसमें सीधी, दतिया, रीवा, सतना, कटनी, खण्डवा, हरदा, जबलपुर तथा सागर के निवासी शामिल है, को अपने गंतव्य स्थलों पर रवाना किया गया। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों को भोजन, पेयजल की व्यवस्था करके उनकी घरों की ओर रवानगी की जा रही है।
Tags
burhanpur

