प्रभु राम की कृपा से चल रहा संकट भी होगा जल्द समाप्त-नागरसिंह चौहान
राम नवमी उत्सव समिति ने घरो पर दीप जलाने का किया आव्हान
अलीराजपुर (रफीक क़ुरैशी) - वर्तमान समय संकट का समय है जो जल्द ही टल जाएगा जो समय अभी चल रहा है वह प्रभु राम के आशिर्वाद से सभी संकट हम सब पर से दूर होंगे। राम नवमी का उत्सव सभी लोग पारंपरिक रूप से घर पर ही रहकर मनाए। कोरोना वायरस को लेकर सरकार द्वारा जो एडवायजरी दी जा रही है उसका पालन करना हम सबका दायित्व है। यह बात राम नवमी उत्सव समिति के संरक्षक व पूर्व विधायक नागरसिंह चौहान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भगवान राम मानवता के सबसे बड़े उपासक है व उनकी प्रेरणा को प्राप्त करते हुए वर्तमान समय में मानवता पर आए हुए संकट का सामना हम सभी को भी करना है। जिस तरह से भगवान राम ने मानवता को बचाने के लिए 14 वर्ष तक वन गमन कर मानवता की रक्षा की थी वह प्रेरणा हम सबके सामने है। आज उसी प्रेरणा को प्राप्त कर हम सभी लोग मानवता को बचाने के लिए अपने घरो में ही रहे व लक्ष्मण रेखा को ना लांघे तभी कोरोनासूर का अंत होगा और मानवता की जीत होगी।
*शोभायात्रा एवं धर्मसभा की निरस्त*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोरोना वायरस को लेकर सभी लोगों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन निरस्त करने की अपील की थी। जिसके चलते राम नवमी उत्सव समिति द्वारा भी अलीराजपुर में मनाए जाने वाला भगवान राम का जन्मोत्सव पर होने वाले कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया गया था। राम नवमी उत्सव समिति के अध्यक्ष गिरिराज मोदी ने बताया कि हमारे द्वारा राम नवमी पर्व पर एक माह पहले से ही भव्य तैयारी प्रारंभ कर दी गई थी । साथ ही धर्मसभा के लिए कवि मुकेश मोलवा से भी सहमति प्राप्त कर ली गई थी। शासन ने जो निर्देश दिए है उसका पालन हमने किया है। राम नवमी उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक हितेन्द्र शर्मा ने नगर के समस्तजनो से राम नवमी के अवसर पर शाम को अपने घर के बाहर दीप जलाने का आव्हान किया है,साथ ही उन्होंने कहा है कि आमजन सरकार द्वारा तय किए गए निर्देशो का पालन करे। उत्सव समिति के कार्यकर्ताओं ने सभी को राम नवमी पर्व की बधाई दी है।
Tags
jhabua