कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को लॉकडाउन का उल्लंघन कर नमाज पढ़ने पहुंचे 12 लोगों को गिरफ्तार किया
सिवनी (संतोष जैन) - पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने बताया कि 30 से 40 व्यक्तियों के नमाज के लिए मस्जिद में बगैर मास्क लगाए और शारीरिक दूरी के नियमों का उल्लंघन कर एकत्रित होने की सूचना मिली थी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही एकत्रित लोग भागने लगे। पुलिस ने मौके से 12 लोगों को गिरफ्तार कर इनके खिलाफ धारा 188 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। इसके अलावा बगैर किसी कारण शहर में घूमते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बारापत्थर के आर्चीपुरम क्षेत्र में किराना दुकान खोलकर सामग्री विक्रय कर रहे एक व्यक्ति को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दो दिनों में 72 गिरफ्तार - जिले में बीते 48 घंटों के दौरान लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 72 लोगों को मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। कोराना वायरस से लड़ने निर्देशों को ध्यान में रखते हुए आरोपितों को फिलहाल जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
एसपी कुमार प्रतीक ने बताया कि जिलेवासियों को 14 अप्रैल तक जारी लॉक डाउन के दौरान घरों में रहने की बार बार समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद अनावश्यक कारण के घरों से बाहर निकल कर लॉक डाउन का उल्लंघन करने वाले 72 लोगों को पुलिस ने बीते 48 घंटे के दौरान गिरफ्तार किया है। गुरूवार को 48 प्रकरण धारा 188 भादंवि व आपदा प्रबंधन अधिनियम 2000 की धारा 51 के तहत दर्ज कर 56 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें शहरी क्षेत्र में 50 व्यक्तियों पर 42 मामले दर्ज किए गए हैं। जबकि 6 मामलों में ग्रामीण थाना क्षेत्रों में दर्ज कर 6 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। संबंधित मामलों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Tags
jabalpur