परिवहन अधिकारी ने की वाहनों की आकस्मिक जांच
चार बसें को किया गया जप्त, 10 लाख रुपये की हुई टैक्स वसूली
बालाघाट (देवेन्द्र खरे) - जिला परिवहन अधिकारी द्वारा गत दिवस बैहर एवं कटंगी में वाहनों की आकस्मिक जांच कर नियम विरूद्ध चल रहे वाहनों पर कार्यवाही की है। वाहनों की जांच के दौरान टैक्स बकाया होने पर चार बसों को जप्त किया गया है और वाहनों से लगभग 10 लाख रुपये की टैक्स वसूली की गई है।
जिला परिवहन अधिकारी श्री अनिमेष गढ़पाल ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन परिवहन विभाग द्वारा बालाघाट जिले को वर्ष 2019-20 के लिए 54 करोड़ रु का राजस्व वसूल करने का लक्ष्य दिया गया हैं। इस लक्ष्य के विरुद्ध अब तक लगभग 36 करोड़ का राजस्व प्राप्त हो चुका हैं। राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए अभियान चलाकर वाहनों की सतत जांच की जा रही है। गत दिवस वाहनों की जांच के दौरान बस क्रमांक एमपी-50-पी-0221 पर लगभग 90 हजार रुपये का टैक्स बकाया पाया गया। जिस पर इस बस को जप्त कर कटंगी थाने में खड़ा करा दिया गया है। इसी प्रकार एक ही मालिक की बस क्रमांक एमपी-50-एल-0133 पर 02 लाख रुपये का एवं बस क्रमांक एमपी-20-पीए-0392 पर टैक्स बकाया होने पर इन बसों को जप्त कर बैहर थाने में खड़ा करा दिया गया है। बस क्रमांक एमपी-50-पी-0386 पर एक लाख रुपये का टैक्स बकाया होने पर उसे जप्त कर जिला परिवहन कार्यालय बालाघाट में खड़ा करा दिया गया है। वाहनों की जांच के दौरान लगभग 10 लाख की टैक्स वसूली एवं चालानी कार्यवाही आर टी ओ के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई है।
परिवहन अधिकारी श्री गढ़पाल ने बताया कि बकायादारों को बकाया राशि जमा करने हेतु मध्यप्रदेश शासन परिवहन विभाग द्वारा एकमुश्त टैक्स छूट योजना चलाई जा रही हैं। जिसके अन्तर्गत पंजीयन अवधि अनुसार 20 प्रतिशत, 4 प्रतिशत, 50 प्रतिशत एवं 70 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान हैं एवं ऐसे पथभ्रष्ट वाहन जिनकी पंजीयन अवधि 20 वर्ष से ऊपर हैं उन्हें 90 प्रतिशत तक टैक्स बकाया में छूट का प्रावधान सरकार द्वारा किया गया हैं। इस योजना का जिले में व्यापक स्तर पर लाभ उठाया जा रहा हैं। कौशल ट्रेवल्स बालाघाट द्वारा बस क्रमांक एमपी-50-पी-0254 एवं एमपी-50-पी-02054 एवं अन्य बस पर लगभग 20 लाख की राशि इसी योजना के तहत जमा कराई गई हैं।
परिवहन अधिकारी श्री गढ़पाल ने आम नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि राजस्व् वसूली की लक्ष्य पूर्ति के लिए वाहनों की जांच का अभियान जिले में अनवरत जारी रहेगा।
Tags
dhar-nimad

