स्वच्छता में 8 बार से नंबर-1 इंदौर में ड्रेनेज के गंदे पानी के बीच से निकली बारात

शर्मनाक : 8 वर्षों में भी ड्रेनेज लाइन नहीं बिछा पाए नगर निगम अधिकारी

इंदौर - स्वच्छता में इंदौर आठ बार से नंबर-1 है, लेकिन यहां की नगर निगम के पढ़े लिखे डिग्रीधारी इंजीनियर 8 वर्ष से 20 कॉलोनी के रहवासियों को ड्रेनेज के गंदे पानी से निजात नहीं दिलवा पा रहे हैं। वार्ड 37 और 40 के कॉर्नर पर बसी ये करीब 20 कॉलोनी के रहवासी 8 वर्षों से ही ड्रेनेज के गंदे पानी से परेशान हैं। गुरुवार को तो यहां के लिंक रोड पर बने ड्रेनेज के तालाब के बीच में से एक बारात को भी निकलना पड़ा। यहां जरा सी बारिश में एमआर-9 को एमआर-10 से जोड़ने वाली लिंक रोड तालाब बन जाती है। 

जानकारी अनुसार ही मानसून एक्टिविटी शहर में चल रही है। इसी बारिश के पानी से एमआर-9 और एमआर-10 की लिंक रोड के ड्रेनेज के चेंबर ओवरफ्लो हो गए और जहां ड्रेनेज के पानी का समुंदर बन गया। इसी बीच एक बारात यहां से निकली जिसमें बारातियों को मांगलिक कार्य में जाने के लिए ड्रेनेज के गंदे पानी में से निकलना पड़ा। कुछ बाराती तो दूसरे रास्तों से निकल गए लेकिन दूल्हा और कुछ बैंड बाजे इसी ड्रेनेज के गंदे पानी में से निकलते हुए देखे गए। लगभग सभी नगर निगम इंजीनियरों के कार्यों को याद करते इस ड्रेनेज के गंदे तालाब में से गुजरे। गौरतलब है कि शिवबाग कॉलोनी, बाबा मनसब नगर, सरस्वती नगर सहित अन्य 15-20 कॉलोनियों के रहवासी हर वर्ष बारिश में किसी प्रकार परेशान होते हैं। यहां नगर निगम के डिग्रीधारी इंजीनियरों द्वारा बिछवाई जा रही अधूरी पड़ी ड्रेनेज लाइन जरा सी बारिश में ऊफान पर आ जाती है। चंद मिनटों में ही घुटने घुटने तक पानी जमा हो जाता है। इसी गंदे पानी में से होकर करीब 15 से 20 कॉलोनी के रहवासी हर वर्ष बारिश में गुजरते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को भी बारिश के मौसम में इसी ड्रेनेज के गंदे और बदबूदार पानी के बीच से संभाल कर गुजरना पड़ता है। ऐसा नहीं है कि यहां के रहवासियों ने पार्षद, विधायक और संसद को गंदगी की समस्या से अवगत नहीं कराया हो, लेकिन इसके बाद भी इनमें से किसी भी जनप्रतिनिधि या निगम अधिकारी ने 15-20 कालोनियों के रहवासियों की इस समस्या को हल करने में कोई रुचि नहीं दिखाई।

अधूरी ड्रेनेज लाइन आज तक पूरी नहीं बिछवा सके निगम अधिकारी 

लोगों ने यह भी बताया कि यहां करीब 8 वर्षों से नगर निगम द्वारा ड्रेनेज लाइन का कार्य करवाया जा रहा है। इससे बड़े ताज्जुब की बात और क्या होगी कि नगर निगम के अधिकारी आज तक इस ड्रेनेज लाइन को पूरी तरह नहीं बिछवा सके हैं। सूत्र बताते हैं कि हाल ही में नगर निगम के ड्रेनेज विभाग के कार्यपालन यंत्री द्वारा एक नोटिस और ड्रेनेज लाइन बिछाने वाली फॉर्म को भेजा है।




Post a Comment

Previous Post Next Post