जनसम्पर्क कार्यालय में फोटोग्राफी कार्य हेतु दरें आमंत्रित | Jansampark karyalaya main photography kary hetu dare aamantrit

जनसम्पर्क कार्यालय में फोटोग्राफी कार्य हेतु दरें आमंत्रित

उज्जैन (रोशन पंकज) - संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा समय-समय पर विभिन्न वीआईपी व्यक्तियों के कव्हरेज एवं स्थानीय स्तर पर मीटिंगों के कव्हरेज प्रायवेट फोटोग्राफरों से करवाये जाते हैं। इस हेतु फोटोग्राफी की दरों के निर्धारण के लिये उज्जैन के स्थानीय फोटोग्राफरों से न्यूनतम दरें आमंत्रित की गई हैं। जो फोटोग्राफर नियम व शर्तों का पालन करने में सक्षम हों एवं शासकीय कव्हरेज कार्य करने के इच्छुक हों, वे 25 फरवरी तक कार्यालयीन समय में न्यूनतम दरें कार्यालय की फोटो शाखा में प्रस्तुत कर सकते हैं।

संयुक्त संचालक जनसम्पर्क सुश्री रश्मि देशमुख ने बताया कि कार्य करने के इच्छुक फोटोग्राफर को प्रतिष्ठित कंपनी के स्वयं के कैमरे से फोटो कव्हरेज करना होगा। 16 मेगा पिक्सेल से अधिक का कैमरा होना आवश्यक है। वीआईपी के कव्हरेज के लिये कम से कम 70-200 एमएम का झूम लेंस लाना आवश्यक होगा, जिससे ‘D’ के बाहर से कव्हरेज किया जा सके। रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों में भी कव्हरेज करना होगा। स्वीकृत दर पर सम्पूर्ण उज्जैन जिले में कव्हरेज करना होगा। उज्जैन शहर में होने वाले कार्यक्रमों के स्थल पर बताये गये समय से स्वयं के वाहन से 15 मिनिट पूर्व पहुंचना होगा। कव्हरेज के तुरन्त बाद कार्यालय आकर फोटो डाटा कार्यालय के कम्प्यूटर में लोड करना होगा। सभी कार्यक्रमों की दो मिनिट की वीडियो मोबाइल से बनाकर कार्यालय में उपलब्ध कराना होगी, जिसका अलग से कोई भुगतान नहीं किया जायेगा। फोटो की गुणवत्ता, एंगल, कम्पोजिंग आदि प्रेस फोटोग्राफी के मानक के अनुरूप होना आवश्यक है।

Post a Comment

Previous Post Next Post