महाशिवरात्रि पर्व 21 फरवरी को, शिखर आदि की पुताई से सुन्दर लगने लगा भगवान महाकाल का मन्दिर | Mahashivratri parv 21 february ko

महाशिवरात्रि पर्व 21 फरवरी को, शिखर आदि की पुताई से सुन्दर लगने लगा भगवान महाकाल का मन्दिर

कलेक्टर ने मन्दिर के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया
महाशिवरात्रि पर्व 21 फरवरी को, शिखर आदि की पुताई से सुन्दर लगने लगा भगवान महाकाल का मन्दिर

उज्जैन (रोशन पंकज) - महाशिवरात्रि पर्व पर राजाधिराज भगवान श्री महाकालेश्वर का मन्दिर रंगाई-पुताई का कार्य निरन्तर जारी है। मन्दिर का शिखर आदि की रंगाई-पुताई से भगवान महाकाल का मन्दिर सुन्दर लगने लगा है। कलेक्टर श्री शशांक मिश्र ने मन्दिर के अधिकारियों के साथ साफ-सफाई एवं रंगाई पुताई के कार्य का निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मन्दिर परिसर स्थित कुण्ड के आसपास की सीढ़ियों पर लगी काई को भी हटाया गया है। फाल्गुन कृष्ण पंचमी गुरूवार 13 फरवरी से शिव नवरात्रि उत्सव प्रारम्भ होगा और महाशिवरात्रि का पर्व फाल्गुन कृष्ण त्रयोदशी शुक्रवार 21 फरवरी को मनाया जायेगा। फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी शनिवार 22 फरवरी को महाशिवरात्रि के दूसरे दिन सेहरा दर्शन, पारणा दिवस मनाया जायेगा तथा वर्ष में एक बार दोपहर में भगवान महाकाल की भस्म आरती होगी।
कलेक्टर श्री शशांक मिश्र ने सोमवार 27 जनवरी को दोपहर में महाकाल मन्दिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन करने के पश्चात महाकाल मन्दिर के अधिकारियों के साथ रंगाई-पुताई का निरीक्षण कर कुण्ड के आसपास की साफ-सफाई का अवलोकन कर सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये। कलेक्टर ने इसके पूर्व महाकाल मन्दिर के समीप श्री महाकालेश्वर मन्दिर विस्तारीकरण योजना के अन्तर्गत फेसिलिटी सेन्टर फेज-2 के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रशासक श्री एसएस रावत, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री प्रदीप जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री अहिके, श्री सीएस जोशी, श्री मूलचन्द जूनवाल, श्री प्रतीक द्विवेदी आदि उपस्थित थे।
महाशिवरात्रि पर्व श्री महाकालेश्वर मन्दिर में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर लाखों भक्त भगवान महाकाल के दर्शन के लिये मन्दिर में आते हैं और भगवान महाकाल का दर्शन करते हैं। महाशिवरात्रि पर्व के लिये मन्दिर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पर्व की सम्पूर्ण व्यवस्था के लिये कलेक्टर एवं मन्दिर प्रशासक निरन्तर जायजा ले रहे हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि मन्दिर परिसर एवं मन्दिर के आसपास की व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से और निरन्तर सुचारू रूप से की जाना सुनिश्चित करें। दर्शनार्थियों की व्यवस्थाओं के लिये सम्बन्धित अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित की जायेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post