5258 किसानों से 38 करोड़ 29 लाख रुपये की 2 लाख 10 हजार 978 क्विंटल धान की हुई खरीदी
बालाघाट (देवेन्द्र खरे) - किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने के लिए जिले में 04 दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी प्रारंभ हो गई है। 13 दिसम्बर तक 102 केन्द्रों पर 5258 किसानों से 38 करोड़ 29 लाख 26 हजार 100 रुपये मूल्य की 02 लाख 10 हजार 978 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। अधिकारियों द्वारा सतत खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को भी देखा जा रहा है।
जिले के सभी धान खरीदी केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शासन के निर्देशों एवं नियमों के अनुसार किसानों से धान की खरीदी करें। किसानों से एफएक्यू मापदंड के अनुसार ही धान की खरीदी करें। किसानों से खरीदे गये धान का तेजी से परिवहन करायें और किसानों का भुगतान तत्परता से करायें। किसानों को धान के भुगतान के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।
इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए जिले के एक लाख 16 हजार 88 किसानों का पंजीयन किया गया है। शासन द्वारा कामन धान का समर्थन मूल्य 1815 रुपये प्रति क्विंटल एवं धान ग्रेड-ए का समर्थन मूल्य 1835 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने जिले के सभी खरीदी केन्द्रों के प्रभारियों को निर्देशित किया है कि इन दिनों मौसम की गड़बड़ी के कारण बादलों के छाये रहने एवं वर्षा होने की संभावना को देखते हुए खरीदी केन्द्रों पर रखी गई धान की पानी से सुरक्षा के इंतजाम करें। खुले में रखी धान को भीगने न दें। किसानों से खरीदी गई धान को तिरपाल ढाक कर सुरक्षित रखा जाये। खरीदी केन्द्रों के प्रभारियों द्वारा भी धान को ढाककर रखने के लिए तिरपाल का इंतजाम कर लिया गया है।
Tags
dhar-nimad