नही मिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतन दीपावली की मिठास गायब
थांदला (कादर शेख) - शासन के आदेश थे कि प्रत्येक निकाय अपने यहाँ कार्यरत सभी कर्मचारियों के वेतन दीपावली के पूर्व 25 तारीख तक जमा करा दे बावजूद इसके स्थानीय नगर परिषद थांदला में कर्मचारियों का वेतन आज दिन तक जमा नही हुआ है और न ही इस माह में जमा होने की कोई उम्मीद नजर आ रही है। एक सप्ताह पूर्व सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने लामबंद होकर नगर परिषद में अध्यक्ष बंटी डामोर व नगर परिषद सीएमओ अशोक चौहान से मुलाकात कर दीपावली पूर्व वेतन जमा करवाने की बात कही थी जिसका आश्वासन सीएमओ ने स्वयं दिया भी था। वही आचार संहिता के कारण अध्यक्ष ने अधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बचते रहे जबकि वे भी चाहते थे कि दलित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सबसे पहले दीपावली के लिये वेतन मिल जाये परन्तु इस बार सभी कर्मचारियों की मिठास कम हो गई है। सभी कर्मचारी एक जुट होकर नगर परिषद में आये व वेतन के लिये कहने लगे लेकिन उनकी मांग सुनने वाला वहाँ कोई नही था। कर्मचारियों ने नगर परिषद के लेखापाल पर यह भी आरोप भी लगाए की वह लंबे समय से उनका जीपीएफ भी जमा नही कर रहे है। उनके द्वारा वेतन व जीपीएफ समय पर जमा नही होने का कारण सीएमाओ व लेखापाल को मानना कितना सही है यह जाँच का विषय हो सकता है जबकि त्योहारों पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को वेतन नही मिलना शासन के आदेश की अवहेलना भी मानी जा सकती है।
यह बोले जिम्मेदार
1. यह सही है कि शासन के आदेश थे कि कर्मचारियों को दीपावली पूर्व वेतन दिया जाए लेकिन शासन द्वारा आदेश तो प्राप्त हुए परन्तु यात्रीकर व चुंगीकर क्षतिपूर्ति की राशि अभीतक प्रदाय नही की गई है। पैसों के आभाव में नगर परिषद भुगतान करने में असक्षम है। भविष्य में निकाय को स्वावलम्बी बना कर आयवृद्धि के उपाय किये जा रहे है जिससे आगामी किसी भी त्योहारों पर उन्हें समय पर वेतन मिल सकेगा।
अशोक चौहान - सीएमओ नगर परिषद थांदला
2. सभी कर्मचारियों ने अपने खातों पर ऋण ले रखा है। जिसका उन्हें ब्याज भी लग रहा है ऐसे में उन्हें ब्याज आदि अन्य कठिनाइयों से बचाने उन्ही के खातों में किश्त जमा कराई जा रही है जिसके चलते मई माह से उनके खातों में जीपीएफ की राशि जमा नहीं की गई है। शीघ्र ही जमा कराई जाएगी।
प्रेमसिंह चारेल लेखापाल नगर परिषद थांदला।
Tags
jhabua
