मां कल्याणी दरबार में हुई महाआरती
अष्टमी पर श्रद्धालुओं द्वारा लाये गये सैकड़ों आरती थाल से की गई मां की विशेष आरती
समनापुर (पप्पू पड़वार) - मुख्यालय समनापुर स्थित दुर्गा पंडालों में श्रद्घालु माता के दर्शन करने पहुंचे बुधवार को नवरात्र के आठवे दिन मां गौरी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह से मां जगदम्बा की दरबार में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। नवरात्रि अष्टम दिन आदि शक्ति मां महागौरी की विशेष पूजा अर्चना की गई। समनापुर के प्रमुख चौराहे पर समितियों द्वारा दुर्गा पूजा उत्सव मनाया जा रहा है। भव्य पंडालों पर मां दुर्गा की स्थापना की गई है। नवरात्रि पर मां दुर्गा की उपासना व भक्ति में श्रद्घालु डूबे हुए हैं। रविवार को दुर्गा अष्टमी पर मां कल्याणी मंदिर सहित सिद्ध टेकरी दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई। पंडालों में अष्टमी पर पूजा-अर्चना करने श्रद्घालुओं की भीड़ जुटी रही। सुबह से ही सिद्ध टेकरी मंदिर में श्रद्घालुओं का तांता लगा रहा। घण्टों तक कतारबद्घ श्रद्घालु मां की पूजा-अर्चना व दर्शन करने मंदिर के गेट में डटे रहे। दोपहर में भी श्रद्घालुओं की लंबी कतार लगी रही। इधर, दुर्गा पंडालों पर अष्टमी पूजा पर शामिल होने श्रद्घालु सुबह से अलग-अलग पंडालों पर पहुंच रहे थे।
महिलाएं व युवतियों के अलावा युवा व बुजुर्गों ने भी अष्टमी पर मां जगदंबा की पूजा-अर्चना की। क्षेत्र में अलग- अलग स्थानों पर दुर्गा पूजा उत्सव मनाया जा रहा है। नवरात्रि पर मुख्यालय के सभी स्थानों पर दुर्गा पूजा उत्सव का आयोजन किया गया है। पंडालों के आसपास रंगीन विद्युत झालरों के अलावा आकर्षक झांकियों की सजावट देखते ही बनती है। इसके अलावा प्रमुख मार्गों के भवनों को भी रंगीन विद्युत झालरों से सजाया गया है। समूचा समनापुर मां दुर्गा की उपासना में डूबा हुआ है। कन्या भोज व भंडारा आज नवरात्रि की नवमी पर समनापुर में स्थित दुर्गा पंडालों व देवी मंदिरों में कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। जगह-जगह भंडारा भी होगा। जिसके लिए दुर्गा समिति के लोगों ने तैयारियां पूरी कर ली है। कन्या भोज के बाद भंडारा होगा।