तालाब की पाल भारी बारिश के चलते धंसने लगी | Talab ki paal bhari barish ke chalte dhasne lagi

बारिश में लबालब भर चुका मेघनगर का झायड़ा रोड स्थित तालाब

तालाब की पाल भारी बारिश के चलते धंसने लगी

तालाब की पाल भारी बारिश के चलते धंसने लगी

मेघनगर (जिया उल हक कादरी) - मेघनगर का एकमात्र झायडा रोड स्थित तालाब इस वर्ष बारिश में लबालब भर चुका है इसके लबालब भरने के साथ ही आसपास के रहवासियों में खतरा मंडराने लग गया है तालाब की एक साइड की पाल भारी बारिश की वजह से दिनोंदिन धंसने में लगी है।
समय रहते कोई इंतजाम नहीं किया गया तो तालाब फूटने से काफी नुकसान होने की आशंका है।पहले भी बारिश में तालाब दो बार फूट चुका है जिससे भारी नुकसान हुआ था लगभग 40 वर्ष पूर्व पहली बार तालाब फूटा था तब यहां के खेतो में फसल को काफी नुकसान हुआ था तथा आसपास की बस्ती में मकान भी  बह गए थे। दूसरी बार लगभग 20 वर्ष पूर्व भी इसी प्रकार तालाब इसी जगह से फूटा था जिसमें खेतों के साथ ही बस्ती के मकानों में काफी नुकसान हुआ था तथा बस्ती में रहने वाले जुमला वसुनिया का मकान पूरी तरह से बर्बाद हो गया था।यहां के रहवासी गोविंद का कहना है कि इस तरह से दिनोंदिन बढ़ती दरार से आस-पास के बस्ती के निवासियों में भय व्याप्त है। शासन की ओर से अभी तक कोई सुध नहीं ली गई है अगर तालाब फूट जाता है तो पिछली बार की तुलना में इस बार काफी नुकसान होने की आशंका है।20 वर्ष पहले  तालाब में कम पानी था तब भी यह तालाब इसी जगह से फूट गया था।वर्तमान में पहले से तीन गुना से भी अधिक ज्यादा पानी है अगर यह तालाब फूटता है तो भारी तबाही मचा सकता है।
उल्लेखनीय की वर्तमान में इस तालाब की पाल के समानांतर  रोड बना हुआ है जिससे आसपास के ग्रामीण तथा स्कूली बच्चे यहीं से आवागमन करते हैं।पाल टूटने की दशा में राहगीरों पर भी खतरे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।   आवागमन करने वाले काफी खतरा उठा कर यहां से गुजर रहे हैं।

इस संबंध में यहां के रहवासी इकबाल इनाल का कहना है कि इस तालाब की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही सौंदर्यीकरण भी जरूरी है यहां पर नौकाविहार  तथा मोटरबोट सुविधा भी शासन को देना चाहिए जिससे यहां पर नगरवासी नौका विहार का आनंद उठा सके।

इस संबंध में नगर परिषद सीएमओ विशाल डावर ने बताया कि हमने एसडीएम पराग जैन से इस बात को अवगत कराया है। कल मैंने उस स्थल का मुआयना भी किया था।तालाब की पाल के समानांतर बने इस रोड का निर्माण करने वाले ठेकेदार ने पानी की निकासी के लिए कोई रास्ता नहीं रखा, जिससे पानी का दाब अधिक होने से यह स्थिति निर्मित हुई है।शीघ्र ही ठेकेदार को  पानी की निकासी करने के निर्देश दिए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post