शहर में बच्चियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी : लक्ष्मी सिंह, निर्भया प्रभारी
मुरैना (संजय दीक्षित) - शहर में लगातार बेटियों के साथ बढ़ रही छेड़खानी की घटनाओं को लेकर निर्भया मोबाईल प्रभारी श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने विशेष अभियान चलाया। जिसमें कोचिंग पर पढ़ने वाली बच्चियों को परेशान करने वाले रोड़ पर रोमीयों की जमकर क्लास ली गई। वहीं दुपहिया वाहनों पर कोचिंग आने वाले नाबालिक छात्र और छात्राओं को परिवार से बातचीत करने के बाद समझाइश देकर छोड़ा गया और उनसे कहा गया कि आगे से वे दुपहिया वाहन नहीं चलाएंगे। यह विशेष अभियान जीवाजी गंज में चलाया गया।प्रभारी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि आने जाने वाले आवारा तत्वों को रोककर पूछताछ गयी कि पार्क के आसपास बेवजह क्यों घूम रहे है। जब घूमने वाले आवारा तत्व पूछे गए प्रश्न का उचित जवाब नहीं दे पाए तो उनके माता पिता को सूचना देकर पूछा गया कि आपका बच्चा बेवजह कोचिंग के आसपास क्यों घूम रहा हैं।माता पिता से बात करने के बाद ही बच्चों को छोड़ा गया। इसी के साथ मौजूद स्टाफ ने आवारा तत्वों के नाम रजिस्टर में नोट करके उन्हें चेतावनी दी कि अगर बे आगे से कोचिंग के आसपास दिखे तो उन पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी । वहीं कोचिंग पर आने वाली छात्राओं से पूछा गया कि आते समय उन्हें कोई परेशान तो नहीं करता हैं । कोचिंग पर पढ़ने वाली बच्चियों को परेशानियों से बचने के लिए प्रभारी ने अपना निजी नंबर बच्चियों को दिया और कहा कोई भी परेशानी होने पर वह उन्हें तत्काल सूचित करें। उन्होंने आगे बताया कि शहर की एक एक बेटी की जिम्मेदारी उनकी है और बेटियों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाती रहेंगी।जिससे असामाजिक तत्व के लोग बच्चियों को परेशान न कर सकें और आने जाने में अपने आप को असुरक्षित महसूस न करें।इसलिए जगह जगह चेकिंग पॉइंट लगाकर विशेष अभियान चलाया गया।
Tags
murena
