![]() |
| मऊगंज में जनजातीय गौरव दिवस पर गूंजे बिरसा मुंडा के जयकारे, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां |
मऊगंज। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिले में जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत और उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास से जुड़े विषयों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष मऊगंज बृजवासी पटेल ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि आदिवासी समाज भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह समाज प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवनयापन करता है। भगवान बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया और मात्र 25 वर्ष की आयु में देश के लिए बलिदान देकर अमर हो गए।
उन्होंने आदिवासी समाज से अपने बेटे-बेटियों को शिक्षित करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं तथा जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों ने लोकगीत, लोकनृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी समृद्ध परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। इस दौरान प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा और सुना गया।
कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। कलेक्टर द्वारा समाजसेवी मोतीलाल बैगा एवं शंकर सिंह नेताम को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
विभागीय प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। इसमें महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, उद्यानिकी, स्वास्थ्य और ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों से संबंधित स्टॉल लगाए। लोगों ने प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा, जिला अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष राधा कोल, जिला संयोजक नीलकंठ सिंह मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
