शाहपुर के बाल मेले में साकार हुई नन्हे सपनों की दुनिया, बच्चों ने दुकानदार बन सीखा आत्मनिर्भरता का पाठ

शाहपुर के बाल मेले में साकार हुई नन्हे सपनों की दुनिया, बच्चों ने दुकानदार बन सीखा आत्मनिर्भरता का पाठ

सिरमौर/शाहपुर। बाल दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहपुर में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल, रंग-बिरंगी दुकानों और उत्साह से गुलजार नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उनके छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा नेहरू जी के व्यक्तित्व और विचारों पर अपने विचार साझा किए।

नन्हे दुकानदारों ने सीखा लेन-देन का हुनर

बाल मेले का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा स्वयं लगाई गई विभिन्न प्रकार की दुकानें रहीं। बच्चों ने दुकानदार की भूमिका निभाते हुए खरीद-बिक्री, पैसों के लेन-देन, हिसाब-किताब और ग्राहकों से संवाद करने का अनुभव प्राप्त किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने किताबी गणित को वास्तविक जीवन में समझने के साथ आत्मविश्वास, व्यवहार कुशलता और आत्मनिर्भरता का व्यावहारिक पाठ भी सीखा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्था प्राचार्य डॉ. विमला तिवारी रहीं, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षक शेषमणि गुप्ता ने की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक राजमणि वर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. विमला तिवारी, बी.के. मिश्रा, आराधना मिश्रा, कु. प्रज्ञा पांडेय एवं भीमसेन मिश्रा सहित शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बाल दिवस की महत्ता और पंडित जवाहरलाल नेहरू के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला।

नेहरू और सिरमौर के ऐतिहासिक संबंधों का हुआ उल्लेख

कार्यक्रम में शिक्षक एवं सेनानी उत्तराधिकारी संघ से जुड़े वेद पाणि पाण्डेय ने पंडित जवाहरलाल नेहरू और सिरमौर के ऐतिहासिक संबंधों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय प्रोफेसर बसंत लाल पाण्डेय के मामा, प्रथम विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित बैकुंठ प्रसाद पाण्डेय के प्रयासों से पंडित जवाहरलाल नेहरू का सिरमौर आगमन हुआ था। उनकी स्मृति आज भी सिरमौर स्थित नेहरू पार्क के रूप में विद्यमान है।

इस दौरान संकट मोचन साथी संस्था की ओर से विद्यार्थियों के लिए मिष्ठान की व्यवस्था की गई। विद्यालय परिवार ने बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें संस्कारवान, आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

बाल दिवस का यह आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों को जीवन की वास्तविक परिस्थितियों का सामना करने के लिए व्यावहारिक रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना भी आवश्यक है।



Post a Comment

Previous Post Next Post