![]() |
| मनगवां में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन |
मनगवां (रीवा)। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनगवां में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व मनगवां विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी श्रीमती बबीता साकेत ने किया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, संगठन मंत्री रवि तिवारी और विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी बबीता साकेत के मार्गदर्शन में मंडलम कांग्रेस कमेटी मनगवां द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है, जिससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इसी मुद्दे को लेकर पार्टी प्रदेश स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। मनगवां में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से भी चुनाव आयोग की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंडलम अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार वर्मा, पूर्व प्रत्याशी एवं पार्षद डॉ. त्रिवेणी मैत्रेय, पंकज शास्त्री, कार्यालय प्रभारी राम उजागर मिश्रा, पार्षद श्रीमती वंदना तिवारी, अभय द्विवेदी, राम नरेश तिवारी, रामनिधि वर्मा, मनीष मिश्रा, अनिल द्विवेदी, परमेश्वरदीन दुबे, विवेक साकेत, प्रदीप पटेल, मोहम्मद हफीज, राकेश सिंह (बबलू), राजेश यादव और जलालुद्दीन सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नेता उपस्थित रहे।
